आगरालीक्स….(19 July 2021 Agra News) आगरा में तीन दिन से एक भी कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला है. प्रशासन ने जारी किए फिर राहतभरे आंकड़े. क्या अब शनिवार—रविवार की बंदी भी होनी चाहिए खत्म. इस सप्ताह होगा निर्णय
28 कोरोना मरीज अब आगरा में
आगरा में कोरोना के नये केस मिलना लगभग कम हो गए हैं. पिछले तीन दिन से आगरा में कोरोना का एक भी पॉजिटिव नहीं मिला है. सोमवार को प्रशासन ने कोरोना के नये आंकड़े जारी किए तो शनिवार और रविवार की तरह सोमवार को भी बीते 24 घंटे के अंदर आगरा में एक भी कोरोना का केस नहीं मिला है. इस दौरान तीन मरीज ठीक होकर अपने घर गए हैं. #Agra में अबतक 25719 #Covid19 मरीजों में से 25235 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुये. पिछले 24 घन्टे में 3507 लोगों की जांच की गई. आगरा में इस समय कुल 28 कोरोना मरीज हैं. जिले में अब तक 456 लोगों की मौत् हो चुकी है.
दो दिन की बंदी से मिले राहत
इधर आगरा में कोरोना के केस कम होने से आगरा के व्यापारी लगातार शनिवार और रविवार की बंदी को खत्म् करने की बात कह रहे हैं. व्यापारियों का मानना है कि शनिवार और रविवार को ही अधिकतर ग्राहक बाजारों में खरीदारी करना चाहता है क्योंकि इन्हीं दो दिनों में सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में छुट्टी रहती है. व्यापारियों का कहना है कि अगर शनिवार और रविवार की बंदी को समाप्त कर दिया जाए तो व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी. बाजारों को उनके हिसाब से साप्ताहिक बंदी जारी होनी चाहिए.
लापरवाही पर भी चेताया
इधर आगरा के व्यापारियों ने बाजारों में लापरवाही बरतने वाले व्यापारियों और लोगों को आगाह किया है. व्यापारियों ने कहा है कि अगर कोरोना की तीसरी लहर से बचना है तो नियमों का पालन करना होगा. मास्क लगाना होगा. बता दें कि आगरा में इस समय करीब 60 प्रतिशत लोग मास्क नहीं पहन रहे हैं और लापरवाही बरत रहे हैं.