आगरालीक्स ..आगरा में सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुए हैं, कोर्ट ने पुलिस को सांसद कठेरिया को 13 नवंबर को अदालत में हाजिर करने के आदेश दिए हैं।
आगरा के पूर्व सांसद और वर्तमान में इटावा से सांंसद डॉ राम शंकर कठेरिया के खिलाफ अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किए हैं। सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया सहित अन्य पर 2010 में जीआरपी आगरा कैंट द्वारा संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले की कोर्ट में सुनवाई चल रही है लेकिन सांसद कठेरिया कोर्ट में चल रही सुनवाई में निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो रहे थे।
13 नवंबर को कोर्ट में पेश करने के आदेश
कोर्ट ने जीआरपी आगरा कैंट द्वारा 2010 में दर्ज कराए गए मुकदमे में हाजिर ना होने पर गैर जमानती वारंट जारी किए हैं। कोर्ट ने पुलिस को आदेश दिए हैं कि वारंट तामील कराकर सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया को 13 नवंबर को कोर्ट में हाजिर किया जाए।
31 अक्टूबर को सांसद एसपी सिंह बघेल ने किया सरेंडर
आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल और एत्मादपुर के विधायक राम प्रताप सिंह चौहान ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है, 31 अक्टूबर 2019 को सांसद एसपी सिंह बघेल दीवानी पहुंचे और कोर्ट में सरेंडर किया। इन दोनों को जमानत मिल गई है।
आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल पर 2016 में एत्मादपुर में नरोत्तम सिंह बघेल से मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था, इसमें सांसद एसपी सिंह बघेल, एत्मादपुर से विधायक राम प्रताप सिंह सहित 11 को नामजद किया गया था।
2016 के मामले में किया सरेंडर
एत्मादपुर में हुए 2016 के मामले में सांसद एसपी सिंह बघेल ने एसीजेएम नौ के कोर्ट में सरेंडर किया है।
याचिका पर चल रही सुनवाई
आगरा के सांसद एस पी सिंह बघेल गडरिया पाल बघेल जाति से हैं, जबकि उन्होंने धनगर जाति के नाम से एससी का सर्टिफिकेट लगाकर चुनाव लड़ा है। याचिका में उनके एससी सर्टिफिकेट के भी निर्धारित प्रारूप में नहीं होने का आरोप लगाया गया है। धनगर जाति एससी की लिस्ट यानि प्रेजिडेंशल लिस्ट में भी शामिल नहीं है। प्रेजिडेंशल लिस्ट में धनगड़ जाति शामिल है। बीजेपी सांसद एसपी सिंह बघेल के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़े पीस पार्टी उम्मीदवार राम जी लाल विद्यार्थी ने चुनाव याचिका दाखिल कर उनके निर्वाचन को चुनौती दी है। हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है।