नईदिल्लीलीक्स(11th August 2021)… अब अगर एटीएम में कैश खत्म हो गया या नो कैश का बोर्ड लगा है तो समझिए बैंकों की खैर नहीं। आरबीआई ने लिया बड़ा फैसला।
बैंकों पर दस हजार रुपये का जुर्माना
रिजर्व बैंक आॅफ इंडिया ने एटीएम में कैश खत्म होने के मामले में बैंकों पर जुर्माना लगाने का फैसला किया है। यह व्यवस्था अगले महीने एक अक्टूबर से लागू होगी। यह जुर्माना दस हजार रुपये तक होगा। आरबीआई ने इसका सर्कुलर जारी किया है। आरबीआई का कहना है कि एटीएम में कैश उपलब्ध न होने से लोगों को परेशानी होती है। अगर एटीएम में दस घंटे से अधिक समय तक नकदी नहीं है तो संबंधित बैंक पर जुर्माना लगाया जाएगा।
सर्कुलर जारी किया
आरबीआई ने इस बाबत एक सर्कुलर जारी किया है। इसमें कहा है कि एटीएम में नकदी नहीं डालने को लेकर जुर्माना लगाने की व्यवस्था का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि लोगों की सुविधा के लिए इन मशीनों में पर्याप्त धन उपलब्ध हो। आरबीआई ने कहा कि यह निर्णय लिया गया है कि बैंक व व्हाइटलेवल एटीएम परिचालक एटीएम में धन की उपलब्धता को लेकर अपनी प्रणाली मजबूत बनाएंगे। यह भी सुनिश्चित करेंगे कि मशीन में नकदी समय पर डाली जाए ताकि लोगों को परेशानी न हो।