आगरालीक्स….(23 July 2021 Agra News) आगरा में छात्र बोले—परीक्षा फार्म नहीं भरवाए तो कूद जाएंगे टंकी से. यूनिवर्सिटी की मुख्य परीक्षाएं कल से. 10 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स नहीं भर पाए फार्म.
कल से शुरू हो रही परीक्षाएं
आगरा के डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय की परीक्षाएं कल से शुरू हो रही हैं. लेकिन बताया जाता है कि अभी तक दस हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स ऐसे हैं जो कि अपने फार्म नहीं भर पाए हैं. ये छात्र लंबे समय से फार्म भरने की मांग कर रहे हैं. इसको लेकर पिछले एक सप्ताह से विश्वविद्यालय में NSUI, ABVP और समाजवादी छात्र सभा से जुड़े स्टूडेंट्स धरना प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन उनकी एक भी नहीं सुनी जा रही है. गुरुवार को भी यूनिवर्सिटी परिसर में तीनों संगठनों ने प्रदर्शन किया था लेकिन उनकी मांगें पूरी नहीं हुई. शुक्रवार को इन्हीं मांगों को लेकर एनएसयूआई के कार्यकर्ता पानी की टकी पर चढ़ गए. एनएसयूआई अध्यक्ष सतीश सिकरवार की अगुवाई में प्रदर्शनकारी छात्रों ने टंकी पर चढ़कर नारेबाजी की और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से गुहार लगाई है. उन्होंने कहा कि यदि इन सभी छात्रों के परीक्षा फार्म नहीं भरवाया गया तो सभी टंकी से कूद जाएंगे.
छात्रों का कॅरियर दांव पर
एनएसयूआई के प्रदेश सचिव गौरव शर्मा का कहना है कि यह अंतिम प्रयास है. 24 जुलाई से परीक्षा शुरू हो जाएंगी. विवि प्रशासन चाहे तो एक अवसर दे सकता है. उन्होंने कहा कि हम राज्यपाल से अनुरोध करते हैं कि वो हमारी परेशानी को समझें और उन्हें परीक्षा फार्म भरने का अवसर प्रदान करें.