आगरालीक्स….(Agra News 2nd December)…25 देशों तक पहुंच चुके कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे के बीच आगरा में 7 दिन में 175 विदेशी आए लेकिन जांच 45 की ही हो सकी। लक्षण और इलाज जानें।
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। दक्षिण अफ्रीका में मिले ओमिक्रॉन के केस के बाद संक्रमण 25 देशों तक पहुंच चुका है। ओमिक्रॉन को लेकर भारत में सतर्कता बरती जा रही है, ऐसे शहर जहां विदेशी नागरिक अधिक आते हैं वहां हाई अलर्ट किया गया है। इसमें आगरा भी शामिल है।

सात दिन में आए 175 विदेशी
आगरा में बीते सात दिन में 175 विदेशी आए हैं, इन विदेशियों की जांच के लिए अलग अलग टीमें गठित की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम 175 में से 45 की जांच कर चुकी है, 11 विदेशी नागरिकों का पता नहीं चला है। वहीं, 19 नवंबर को पोलैंड के नागरिक में आगरा में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। उसका आगरा में होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है।
ओमिक्रॉन के लक्षण सामान्य, डेल्टा वैरिएंट की तरह इलाज
ओमिक्रॉन से संक्रमित मरीजों के लक्षण भी अलग अलग देशों से सामने आने लगे हैं। अभी तक की रिपोर्ट में ओमिक्रॉन से संक्रमित मरीजों में सामान्य लक्षण मिल रहे हैं, कुछ मरीजों में कोई लक्षण नहीं है। एसिम्पोमेटिक मरीज मिल रहे हैं लेकिन एक अच्छी बात यह है कि आरटीपीसीआर जांच में ओमिक्रॉन से संक्रमित मरीजों में पुष्टि हो रही है। वैरिएंट का पता लगाने के लिए जीनोम सिक्वेंसिंग कराई जा रही है। वहीं, विशेषज्ञों का कहना है कि ओमिक्रान डेल्टा वैरिएंट की तरह से है, इसके लक्षण सामान्य है लेकिन फेंफड़ों को ज्यादा नुकसान कर रहा है। ऐसे में इससे बचाव जरूरी है, इसका इलाज भी लक्षणों के आधार पर होगा, डेल्टा वैरिएंट में जिस तरह से इलाज किया गया था, उसी तरह से इलाज किया जाएगा।