आगरालीक्स…टूंडला रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में धमाके की आवाज पर सहमे यात्री. जान बचाने के लिए दौड़ पड़े…जानिए क्या है पूरा मामला
आगरा मंडल के टूंडला में रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक ट्रेन के आरक्षित कोच में अचानक तेज धमाका हुआ. यह धमाका सुन रेलयात्रियों में अफरातफरी मच गई. दहशत के बीच सभी लोग ट्रेन में से उतरकर भागने लगे. इधर सूचना पर आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए. जांच की तो पता चला कि फायर एक्सटिंग्विशर के निचले हिस्से के अचानक निकलने से यह धमाका हुआ है.घटना सुबह करीब साढ़े 10 बजे की है. आनंद विहार टर्मिनल से चलकर कामाख्या की ओर जाने वाली नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस शनिवार सुबह टूंडला स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह पर पहुंची थी. ट्रेन खड़ी थी कि तभी आरक्षित कोच संख्या एस—3 के शौचालय के पास तेज धमाका हुआ और कोच में सफेद चूने जैसा बिखर गया. धमाका होते ही ट्रेन में सवार यात्रियों में खलबली मच गई और दहशत के मारे सभी लोग उतरकर भागने लगे.
सूचना पर आरपीएफ कंपनी कमांडर अवधेश गोस्वामी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए. उन्होंने कोच में डसटबिन के पास लगा फायर एक्सटिंग्विशर नीचे पड़ा देखा जिसका निचला हिस्सा सिलेंडर से निकल गया था. इससे उसमें भरा आग बुझाने का केमिकल कोच में सफेद चूने की तरह बिखर गया था. कोच की सफाई कराते हुए यात्रियों को ट्रेन में बैठाकर रवाना कर दिया गया.