आगरालीक्स…(24 June 2021 Agra News) आगरा में बड़ा हादसा, तेज आंधी में पुराना पीपल का पेड़ जड़ से उखड़ कर लोगों के ऊपर गिरा, तीन की दर्दनाक मौत…
सीकरी के ग्राम खेड़ा कोरई का मामला
थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोरेई टोल प्लाजा के समीप ग्राम खेड़ा कोरर्ई में बारिश में पीपल का पेड़ ग्रामीणों पर मौत बनकर टूटा. तेज आंधी में पीपल का पेड़ जड़ों समेत उखड़कर कर ग्रामीणों के ऊपर गिरा, जिसमें दबकर दंपत्ति व एक ग्रामीण की मौत हो गई. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से विशालकाय पेड़ को हटाकर ग्रामीणों के शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. एक साथ तीन ग्रामीणों की मौत से गांव में कोहराम मच गया.
गुरुवार दोपहर की घटना
घटना गुरुवार 12:.45 बजे करीब की है. क्षेत्र में तेज आंधी के साथ यकायक जोरदार बारिश होने लगी तो खेतों पर काम कर रहे ग्राम खेड़ा कौंरई के ग्रामीण धनिया धीमर 45 वर्ष, उसकी पत्नी रामादेवी 42 वर्ष व एक अन्य ग्रामीण प्रेम सिंह 25 वर्ष व धनियां का पुत्र पातीराम बारिश से बचने के लिए पुराने पीपल के पेड़ के नीचे बैठ गए. लेकिन यकायक आंधी में पीपल का पेड़ जड़ समेत उखड़ कर ग्रामीणों के ऊपर गिर गया. विशालकाय पेड़ के नीचे दबकर दंपति समेत एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई. ग्रामीणों की मौत की सूचना के बाद गांव में कोहराम मच गया. ग्रामीणों की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी विनोद जोशी, क्षेत्राधिकारी महेश कुमार, सब इंस्पेक्टर अनुज फोगाट, नीलकमल समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने विशालकाय पेड़ को हटाकर ग्रामीणों के शवों को बाहर निकाला व पोस्टमार्टम के लिए भेजा. एक साथ तीन मौतों से गांव में कोहराम मच गया. क्षेत्राधिकारी महेश कुमार ने बताया कि हादसा बहुत गंभीर है मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेजा गया है.