आगरालीक्स… वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद का विवाद अभी थमा नहीं है कि अब मथुरा की ईदगाह मस्जिद सील करने की याचिका दायर की गई है।
मंदिर के अवशेष नष्ट किए जाने की आशंका
मथुरा अदालत में हिंदू पक्ष के याचिका दायर करने वालों का कहना है कि अगर ईदगाह परिसर जल्द सील नहीं किया जाता है तो गर्भगृह और अन्य पुरातात्विक महत्व के मंदिर के अवशेष नष्ट किए जा सकते हैं अथवा इनका हटाया जा सकता है।
दोनों पक्षों की मौजदूगी में वीडियोग्राफी की जाए
याचिकाकर्ता मनीष यादव के अधिवक्ता देवकी नंदन शर्मा का कहना है कि ईदगाह के अंदर जो शिलालेख हैं, उन्हें दूसरे पक्ष द्वारा हटाया जा सकता है। साक्ष्यों को नष्ट किया जा सकता है। दोनों पक्षों की मौजूदगी में वहां की वीडियो और फोटोग्राफी कराई जाए और सभी तथ्यों को जुटाया जाए।
मंदिर के अवशेष हटे तो वाद का उद्देश्य खत्म हो जाएगा
याचिकाकर्ताओँ का कहना है कि अगर हिंदू अवशेषों को हटा दिया गया तो करेक्टर ऑफ प्रॉपर्टी चेंज हो जाएगा और वाद का उद्देश्य और साक्ष्य खत्म हो जाएंगे।
ईदगाह में आना-जाना रोका जाए
इस स्थिति में ईदगाह परिसर में आऩा-जाना बंद किया जाए। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर परिसर को सील किया जाए। इस मामले में सुनवाई एक जुलाई को होगी।