आगरालीक्स… आगरा में गडबडी मिलने पर पेट्रोल पंप सील कर दिया है, पेट्रोल के सैंपल जांच को लिए गए हैं। एस्सार कंपनी को पेट्रोल पंप के स्टॉक में गडबडी मिली है।
आगरा के बांके बिहारी फिलिंग स्टेशन, अलबतिया के पास एस्सार आयल कंपनी की डीलरशिप है। इसके मालिक अतुल गर्ग, निवासी जयपुर हाउस और प्रवेश गोयल मारुति इस्टेट है। मंगलवार शाम कंपनी की चार सदस्यीय तकनीकी टीम ने छापा मारा। पेट्रोल पंप के भंडारण को मापने में गड़बड़ी पाई गई। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि नियमित जांच के तहत पेट्रोल पंप में गड़बड़ी मिली है। मिलावट की आशंका पर पेट्रोल का नमूना भी भरा गया है।
मीडिया से पंप मालिक अतुल गर्ग का कहना है कि कंपनी की ओर से जांच में पेट्रोल तय भंडारण से कम मिला है। मिलावट जैसी कोई गड़बड़ी नहीं मिली। कंपनी पेट्रोल के नमूने लेकर जांच कराएगी।
एक नवंबर को की गई कार्रवाई
आगरा के पेट्रोल पंपों पर डीजल में भी मिलावट हो रही है, इसकी आशंका पर एक पेट्रोल पंप को टीम ने जांच के बाद सील कर दिया है। डीजल के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
आगरा में पेट्रोल पंपों को घटतौली और मिलावट पर सील करने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया था, इसके बाद भी खेल नहीं रुका है। ऐसे में मैसर्स त्यागी किसान सेवा केंद्र, लादूखेडा के पेट्रोल पंप पर डीजल में कैरोसिन की मिलावट की शिकायत की गई थी, डीएम गौरव दयाल के निर्देश पर टीम ने बुधवार दोपहर में कार्रवाई की। डीएसओ बीके शुक्ला ने बताया कि पंप पर तीन डिस्पेंसिंग यूनिट हैं। इनमें से एक यूनिट काफी समय से बंद है। बाकी दो यूनिटों में एक-एक पेट्रोल और डीजल की हैं। पंप परिसर में दूसरी जगह टैंक में डीजल रखा मिला। इसके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। टीम में डीएसओ के अलावा खेरागढ़ के एसडीएम अभिषेक सिंह, उप आयुक्त खाद्य ओम प्रकाश, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सतीश कुमार और आपूर्ति निरीक्षक राजीव तिवारी शामिल थे।