आगरालीक्स.. आगरा की प्रीति के घर 15 दिन पहले दीपावली आ गई, पीएम से संवाद के बाद दो लाख का चेक मिला, प्रीति बोली हम मेहनत करना चाहते हैं किसी से मांगना नहीं।
पीएम स्वनिधि योजना के तहत मंगलवार को स्ट्रीट वेंडरों को 10 हजार रुपये बिना शर्त के लोन देने की योजना के लाभार्थियों से पीएम नरेंद्र मोदी ने ई संवाद किया। आगरा से तीन लोगों से ई संवाद होना था, इसमें से ताजगंज निवासी प्रीति जो 10 हजार रुपये का लोन लेने के बाद फल की ठेल लगा रही हैं, उनसे पीएम मोदी ने ई संवाद किया। प्रीति से पीएम मोदी ने पूछा कोई समस्या तो नहीं है, प्रीति ने बताया कि उनके पति के पैरों में चोट लग गई है, इस पर पीएम मोदी ने कहा कि अभी अधिकारी आपसे संपर्क करेंगे।
दो घंटे में दो लाख का चेक लेकर पहुंचे अधिकारी
ई संवाद खत्म होने के बाद डीएम प्रभु एन सिंह सहित अधिकारी प्रीति के घर पहुंचे, प्रीति का घर जर्जर था, दो घंटे में ही प्रधानमंत्री आवास योजना से प्रीति को दो लाख रुपये का चेक दिया।
सर हम मेहनत करना चाहते हैं
प्रीति ने चेक मिलने के बाद कहा कि हमारे घर में दीपावली आ गई, सोचा नहीं था कि इस तरह से कुछ ही घंटे में बहुत कुछ बदल जाएगा। प्रीति ने कहा कि हम मेहनत करना चाहते हैं किसी से मांगना नहीं।