आगरालीक्स…. राम रहीम की मुंह बोली बेटी आगरा में छिपी हो सकती है, इसके लिए पुलिस को अलर्ट किया गया है, आगरा और मेरठ में भी हनीप्रीत की तलाश की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की मुंहबोली बेटी हनीप्रीत की तलाश में डेरा अनुयायियों की मदद ली जा रही है। हनीप्रीत के पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिपे होने का अंदेशा है। ऐसे में एनसीआर से सटे जिलों के पुलिस अधीक्षकों और खुफिया विभाग को अलर्ट किया गया है, खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिला कि हनीप्रीत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिपी हुई है। ऐसे में आगरा और मेरठ जोन हनीप्रीत के छिपे होने के लिए सुरक्षित माने गए हैं। इसलिए यहां पुलिस के साथ खुफिया एजंसियों को सक्रिय किया गया है।
बाबा के समर्थकों पर नजर
मेरठ और आगरा जोन में बाबा के समर्थकों पर विशेष निगाह रखने के निर्देश दिए हैं। उन ठिकानों पर विशेष नजर है, जहां बाबा के समर्थक रहते हैं। आगरा जोन समर्थकों ने बाबा को सजा होने पर बवाल नहीं किया था, पुलिस को संदेह है कि हनीप्रीत किसी ऐसी जगह छिपी है, जिस पर पुलिस को शक न हो, इसके लिए आगरा में उसके छिपे होने की आशंका है। लेकिन इसकीपुष्टि नहीं की जा रही है। साथ ही सहारनपुर में भी हनीप्रीत की तलाश की जा रही है। समझा जाता है कि हनीप्रीत सहारनपुर के रास्ते नेपाल भी भाग सकती है। लेकिन इसकी संभावना अब कम हो गई है।
लुक आउट नोटिस हुआ जारी
बाबा राम रहीम की मुंहबोली बेटी हनीप्रीत इंसान पर देशद्रोह का केस दर्ज करते हुए, पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। राम रहीम की सुरक्षा में तैनात कमांडोज ने बाबा को पंचकुला कोर्ट से भगाने की कोशिश की थी। इस मामले में हरियाणा पुलिस के पांच कमांडोज और 2 प्राइवेट कमांडोज को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है बाबा को भगाने की पूरी साजिश हनीप्रीत ने रची थी। हनीप्रीत पर बाबा को बलात्कारी करार दिए जाने के बाद हिंसा फैलाने का भी आरोप है।