आगरा पहुंचे पाकिस्तान से आए 170 सत्संगी
आगरालीक्स आगरा में राधास्वामी मत के संस्थापक परम पुरुष पूरन धनी स्वामी जी महाराज के द्विशताब्दी जन्म समारोह में देश विदेश से श्रदृधालू आ रहे हैं, पाकिस्तान से 23 घंटे में 170 श्रदृधालू आए हैं। पाकिस्तान से आगरा आने में उन्हें तमाम तरह की कागजी खानापूर्ति करनी पडी। अभी एक और जत्था पाकिस्तान से आगरा आएगा, इस तरह जन्म समारोह में पाकिस्तान से 440 सत्संगी आएंगे।
आगरा में संस्थापक परम पुरुष पूरन धनी स्वामीजी महाराज के द्विशताब्दी जन्म समारोह मनाया जा रहा है। रविवार को पाकिस्तान के सिंध प्रांत से 170 सत्संगियों का जत्था आगरा आया है। यहां पहुंचे सत्संगियों ने बताया कि बाधाएं बहुत थीं। उनको वीजा मिलने में 2.5 महीने का लंबा वक्त लगा। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव का असर अब अधिक है। कुछ साल पहले समूह (जत्थे) का वीजा आसानी से मिल जाता था। अब दिक्कत आती है। पहले तमाम जांच होती हैं, तब वीजा दिया जाता है।
आगे पढ़ें
23 घंटे में पाकिस्तान से आगरा
पहले जत्थे में 170 सत्संगी आए हैं। इनमें बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं शामिल हैं। ये लोग सिंध से पहले लाहौर पहुंचे। इसमें 17 घंटे लगे। लाहौर से आगरा पहुंचने में 16 घंटे का सफर रहा। अटारी बार्डर को पैदल पार करना पड़ा। यहां अब न बस है और न ही ट्रेन है।
खोखला हो चुका है पाकिस्तान
स्वामीबाग में पहुंचे पाकिस्तानी सत्संगियों का कहना है कि हिंदुस्तान में नरेंद्र मोदी को भ्रष्टाचार के खिलाफ वोट मिला था। इमरान को पाकिस्तान में इसी कारण से वोट मिल सका है।
भ्रष्टाचार ने पाकिस्तान को खोखला कर दिया है। चुनाव में इमरान खान ने आवाम से भ्रष्टाचार का खात्मा करने का वादा किया। अवाम ने उनको मौका दिया है, ऐसे में इमरान सरकार पर किए गए वादों को पूरा करने की बड़ी जिम्मेदारी रहेगी। करांची से आए नेत्र सर्जन और दल के प्रमुख डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि सरकार नई है, अवाम को भरोसा है कि ये मुल्क की तरक्की के लिए काम करेगी। पाक में अल्पसंख्यक हितों पर उनका कहना था कि हमारे मुल्क में अल्पसंख्यकों के अधिकारों के प्रति मीडिया बेहद ही जागरूक है।