मथुरालीक्स…जन्माष्टमी पर अलर्ट पर रेलवे.मथुरा जंक्शन पर 280 सीसीटीवी से रखी जा रही निगरानी. 170 आरपीएफ जवान तैनात. यात्री सुविधाओं का भी रखा जा रहा ध्यान
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व-2026 के अवसर पर मथुरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए आगरा मंडल द्वारा मथुरा जंक्शन सहित संबंधित स्टेशनों पर व्यापक यात्री सुविधाएँ एवं सुरक्षा व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए मंडल कार्यालय में ‘वार रूम’ स्थापित किया गया है। वहीं मथुरा जंक्शन पर कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां अधिकारियों की 24×7 तैनाती की गई है। तीनों शिफ्टों में अधिकारियों एवं सभी विभागों के निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, जिससे भीड़ की स्थिति का वास्तविक समय में आकलन कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
280 सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी
मथुरा जंक्शन पर लगभग 280 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यात्रियों की भीड़, प्रवेश-निकास द्वार एवं स्टेशन परिसर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागों से तत्काल समन्वय कर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। कंट्रोल रूम में राउंड द क्लॉक रेलवे चिकित्सक की व्यवस्था भी की गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
सुरक्षा एवं यात्री प्रबंधन के लिए अतिरिक्त बल तैनात
सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए मथुरा जंक्शन पर लगभग 170 आरपीएफ जवान तथा वाणिज्य विभाग के लगभग 50 अधिकारी/कर्मचारी तैनात किए गए हैं। बुकिंग कार्यालय में 15 अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की गई है।
अतिरिक्त टिकट काउंटर एवं पूछताछ सुविधा
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले गए हैं। ट्रेनों के संचालन, प्लेटफॉर्म, आवागमन एवं अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए 02 अतिरिक्त पूछताछ काउंटर भी खोले गए हैं। यात्रियों की सुविधा एवं राजस्व सुरक्षा के लिए अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती की गई है। प्लेटफॉर्म संख्या 1 तथा द्वितीय प्रवेश द्वार स्थित पूछताछ विंडो पर चौबीसों घंटे यात्रियों की सहायता एवं मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई है।
स्काउट्स एंड गाइड के 30 सदस्य कर रहे यात्रियों की सहायता
यात्रियों के मार्गदर्शन एवं सहायता के लिए स्काउट्स एंड गाइड के 30 सदस्यों की ड्यूटी लगाई गई है। इनके द्वारा स्टेशन पर श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी देने, भीड़ प्रबंधन में सहयोग करने तथा जरूरतमंद यात्रियों की सहायता की जा रही है।
3,500 वर्गफुट का होल्डिंग एरिया
भीड़ को व्यवस्थित रखने एवं यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मथुरा जंक्शन के प्रथम प्रवेश द्वार पर लगभग 3,500 वर्गफुट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया बनाया गया है। इसके साथ ही व्यवस्थित प्रवेश एवं बोर्डिंग, नियमित उद्घोषणा, पूछताछ, टिकट चेकिंग तथा भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की गई है।