आगरालीक्स ….आज रक्षाबंधन पर्व मना रहे हैं तो शुभ मुहूर्त देख लें, आज श्रावणी नक्षत्र है, राखी बांध सकते हैं। जो 12 अगस्त को रक्षाबंधन मना रहे हैं तो उदयातिथि है, जानें क्या कहना है आगरा के मंदिरों के महंत और ज्योतिषाचार्यों का।
ज्योतिषों के अनुसार पूर्णिमा 11 अगस्त को सुबह साढ़े 10 बजे से शुरू हो जाएगी जो कि 12 अगस्त को सुबह साढ़े 7 बजे तक रहेगी. ऐसे में कई लोग 11 अगस्त को रक्षाबंधन मनाना सही बता रहे हैं तो कई लोग 12 अगस्त को. ये कन्फ्यूजन हर ओर फैला हुआ है. घरों में एक ही परिवार के लोगों में भी अलग-अलग राय है तो वहीं स्कूलों में भी रक्षाबंधन को लेकर घोर कन्फ्यूजन. किसी स्कूल में 11 अगस्त को रक्षाबंधन का अवकाश है तो कहीं 12 अगस्त को. मंदिरों में भी अलग-अलग तिथियों में रक्षाबंधन मनाया जा रहा है.

कैलाश मंदिर में आज रक्षाबंधन
कैलाश मंदिर के महंत गौरव गिरी ने बताया कि रक्षाबंधन का पर्व श्रावणी नक्षत्र में मनाया जाता है। यह नक्षत्र 11 अगस्त को है, 12 अगस्त को श्रावणी नक्षत्र नहीं है। इसके लिए 11 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। इसके शुभ मुहूर्त सुबह 6.12 से 8.40 बजे तक और शाम को भी है।
मनकामेश्वर मंदिर में कल रक्षाबंधन
आगरा के श्री मनकामेश्वर महोदव मंदिर में 12 अगस्त को रक्षाबंधन मनाया जाएगा तो वहीं कैलाश महादेव मंदिर में 11 अगस्त को. मथुरा के श्री बांके बिहारी जी में भी 12 अगस्त को रक्षाबंधन मनाया जा रहा है. वहीं ज्योतिषों के अनुसार 11 अगस्त को रक्षाबंधन मनाना शुभ है. ऐसे में लोग समझ ही नहीं पा रहे हैं कि रक्षाबंधन मनाएं तो मनाएं किस तारीख को.
लोगों ने अब खुद डिसाइड किया
कन्फ्यूजन ही कन्फ्यूजन है और सॉल्यूशन कुछ पता नहीं. ऐसे में लोगों ने अपने हिसाब से ही रक्षाबंधन सेलिब्रेट करने का निर्णय लिया है. पहला ये कि अगर उनके बच्चों के स्कूल की छुट्टी 11 अगस्त को है तो रक्षाबंधन 11 को मनाएंगे और अगर 12 अगस्त को छुट्टी है तो 12 अगस्त को रक्षाबंधन मनाएंगे. दूसरा ये कि जिस दिन घर में मेहमान खुद आ जाएंगे, रक्षाबंधन उसी दिन मना लिया जाएगा. इसके अलावा बहुत से लोगों ने अब दोनों ही दिन रक्षाबंधन मनाने का निर्णय लिया है.