आगरालीक्स….आगरा आए राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल ने नगर निगम चुनाव की तिथि को लेकर स्पष्ट किया है, उन्होंने कहा कि रैपिड सर्वे में देरी होती है तो चुनाव टालने पडेंगे। ऐसा हुआ तो चुनाव अच्छे मौसम में होगा, उनका आशय गर्मी के बाद सितंबर अक्टूबर में नगर निगम के चुनाव कराए जाने से लगाया जा रहा है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल ने कमिश्नरी में अधिकारियों के साथ बैठक की, प्रेसवार्ता में उन्होंने नगर निगम चुनाव की तिथि के सवाल पर कहा कि वोटर लिस्ट में संशोधन के लिए 10 दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है। अभी 25 मई को वोटर लिस्ट का प्रकाशन होना था, अब यह पांच जून को प्रकाशित होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का काम है कि वे समय से रैपिड सर्वे कराए, यह समय से नहीं होता है, आरक्षण तय नहीं किया गया तो चुनाव नहीं कराए जा सकते हैं। ऐसी हालत में चुनाव टालने पडेंगे, चुनाव अच्छे मौसम में होंगे। अभी जून में नगर निगम चुनाव की अधिसूचना जारी होने की चर्चाएं थी।
नगर निगम चुनाव में ड्रोन और सीसीटीवी का प्रयोग
ईवीएम पर उठ रहे सवाल और बैलेट से चुनाव कराने की मांग को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम चुनाव में पहली बार ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। बूथ पर सीसीटीवी लगेंगे, इसे बेवकास्ट भी किया जाएगा।
जनता का पुलिस प्रशासन से उठता विश्वास चिंताजनक
पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल ने कहा कि जनता का भरोसा पुलिस प्रशासन से कम हो रहा है, यह चिंताजनक है। वारदात के बाद जांच होती है, कार्रवाई नहीं की जाती। जो अपराधी हैं उनकी पुलिस हिस्ट्रीशीट नहीं खोलती, इससे आपराधिक वारदात लगातार बढ रही हैं, जनता इससे परेशान है। उन्होंने कहा कि हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ गुंडा एक्ट और एनएसए की कार्रवाई होनी चाहिए।
Leave a comment