नईदिल्लीलीक्स… ( 7 April ) । देश में कोरोना की दूसरी लहर का कहर बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटों में रिकार्ड 1.15 लाख से ज्यादा संक्रमित केस दर्ज हुए हैं, जबकि इसी अवधि में 630 मरीजों की मौत हो गई है। एक्टिव केस भी लगातार बढ़ रहे हैं। इस दौरान 54 हजार से ज्यादा नये एक्टिव केस बढ़ गए हैं।
महाराष्ट्र सबसे बदहाल
महाराष्ट्र की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। यहां बीते 24 घंटों में 55,469 नए संक्रमित सामने आए हैं। 9,921 नए मरीजों के साथ छत्तीसगढ़ दूसरे नंबर पर आ गया है। कुल एक्टिव केसों में भी यही दोनों राज्य टॉप पर हैं। महाराष्ट्र में 4.72 लाख, जबकि छत्तीसगढ़ में 52,445 मरीजों का इलाज चल रहा है।
दिल्ली-मुंबई में बेड्स की कमी
राजधानी दिल्ली और मुंबई में तेजी से बढ़ रही कोरोना पॉजिटिव की संख्या के बाद अस्पताल के बिस्तरों को लेकर मारामारी शुरू हो गई है। पुणे और नागपुर के कोविड अस्पतालों में भी बेड्स की कमी दिखाई दे रही है।
वेंटिलेटर भी कम बचे, होटलों के कमरे बुक
मुंबई में इस समय कुल 136 आईसीयू और 51 वेंटिलेटर बेड्स ही बचे हैं, जबकि कोरोना संक्रमित का आंकड़ा हर दिन नए कीर्तिमान बना रहा है। पुणे में भी बेड्स की कमी से जूझने के लिए होटलों में कमरे बुक किए जा रहे हैं।
कार में अकेले हैं तो भी मास्क जरूरी
दिल्ली में कोरोना के बढ़ते संकट के बीच दिल्ली हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने एक याचिका की सुनवाई करते हुए कहा कि दिल्ली में हर व्यक्ति को मास्क लगाना जरूरी है। जस्टिस प्रतिमा सिंह ने आदेश दिया है कि दिल्ली में हर किसी के लिए मास्क पहनना अनिवार्य है। आदेश के मुताबिक आकर कोई व्यक्ति अकेले गाड़ी चला रहा है तो उसे भी मास्क पहनना होगा। कोर्ट ने कहा कि कार में अगर एक ही व्यक्ति बैठा है, तो वह पब्लिक प्लेस ही है। ऐसे में मास्क लगाना जरूरी है।