आगरालीक्स…यमुना एक्सप्रेस वे सात बसें और तीन कारों में टक्कर से लगी आग में 13 जिंदा जले. 70 घायल. लाशें पहचानना भी मुश्किल, डीएनए जांच होगी…डरावना था मंजर
आगरा नोएडा यमुना एक्सप्रेस वे पर मथुरा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है जबकि 70 से अधिक लोग घायल बताए गए हैं. मंगलवार तड़के कोहरे के कारण बलदेव में यमुना एक्सप्रेस वे पर तीन कारें और सात बसों में भीषण टक्कर हुई. टक्कर इतनी तेज थी कि सभी गाड़ियां पल भर में आग का गोला बन गईं. हादसे के बाद यहां का मंजर डरावना था. लाशें इस कदर जली कि उनका पहचानना भी मुश्किल हो रहा है. डीएनए जांच के बाद ही इनकी पहचान स्पष्ट होगी.
घने कोहरे में हुआ हादसा, सो रहे थे यात्री
यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात घने कोहरे में भीषण हादसा हुआ. एक्सप्रेसवे पर आगरा से नोएडा के लिए जा रही बस और कार एक के बाद एक के बाद एक कई वाहनों में टक्कर हुईं. सात बसें और तीन कारों में हुई टक्क्र के बाद वाहनों में आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि यात्रियों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला. देर रात हुए हादसे के कारण अधिकांश यात्री सो रहे थे. हादसे के बाद मौके पर पहुंची करीब 11 दमकलों ने आग पर काबू पाया. आग बुझी तो अंदर कंकाल थे. घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया. मृतकों के परिजनों की चीखें और एंबुलेंस के सायरन की आवाज दिल दहला रही थी. घायल अपनों को तलाशते हुए बदहवास हालत में इधर उधर दौड़ते नजर आ रहे थे. कई लाशें बसों की सीटों पर चिपकी हुई मिलीं. पुलस ने इन लाशों को बसों से बाहर निकाला और इनको 17 बैग में रखकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया गया है. बताया जाता है कि तीन की शिनाख्त हो चुकी है.
