यूपीलीक्स…दुखद खबर…होमवर्क करने बैठी कक्षा एक की छात्रा मुंह में कटर दबाकर छील रही थी पेंसिल. पेंसिल की छीलन श्वांस नली में फंसी…मौत
यूपी में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. होमवर्क पूरा करने लिए अपने भाई व बहन के साथ बैठी कक्षा एक की छात्रा मुंह में कटर दबाकर पेंसिल छील रही थी लेकिन पेंसिल की छीलन उसके मुंह में चली गई जो कि उसकी श्वांस नली में जाकर फंस गई. अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्ची की मौत हो गई.

यह दर्दनाक मामला यूपी के हमरीपुर जिले का है. कोतवाली क्षेत्र के पहाड़ी वीर गांव में रहने वाली 6 साल की अर्तिका कक्षा एक में पढ़ती थी. बुधवार शाम को वह अपने भाई अभिषेक और बहन अंशिका के साथ छत पर बैठकर पढ़ाई कर रही थी. इस दौरान अर्तिका मुंह में कटर दबाकर पेंसिल छीलने लगी लेकिन पेंसिल की छीलर कटर से निकलकर बच्ची के मुंह में चली गई और श्वांस नली में जाकर फंस गई.
अर्तिका दर्द से कराहने लगी और जमीर पर गिरकर तड़पने लगी. परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बच्ची की मौत से परिजनों का रो—रो कर बुरा हाल है. इस मामले में डॉक्टरों का कहना है कि छोटे—छोटे बच्चों की हर गतिविधि पर पेरेंट्स का ध्यान देना बहुत जरूरी है. कुछ बच्चे लेट कर खाना खाते हैं या पानी पीते हैं, यह काफी खतरनाक हो सकता है. छोटे बच्चे अक्सर बिस्तर पर पेंसिल छोड़ देते हैं जो कि असावधानी में शरीर पर चुभने की आशंका बनाती है.