आगरालीक्स…बड़ा हादसा, ट्रेन में आग लगने की अफवाह पर आगरा के तीन यात्रियों सहित कई की ट्रेन से कटकर मौत…
राजस्थान के मुरैना में बड़ा ट्रेन हादसा हुआ है. मुरैना से धौलपुर की ओर आ रही उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने पर यात्रियों में भगदड़ मच गई. घबराए यात्रियों ने चेन खींच कर ट्रेन रोक दी और पटरियों पर उतर आए लेकिन दूसरी ओर से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कई यात्रियों की मौत हो गई. इनमें आगरा की दो महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है. हादसे के बाद दिल्ली—मुंबई रेल यातायात भी प्रभावित हो गया. घटना के बाद रेलवे और प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य में जुट गई. अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रविवार शाम करीब चार बजे उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस मुरैना से धौलपुर की ओर रवाना हुई थी. ट्रेन के हेतमपुर स्टेशन के पास पहुंचते ही आग लगने की अफवाह फैल गई जिससे दहशत में आए यात्रियों में अफरातफरी मच गई. आग की अफवाह सुनते ही यात्रियों ने चेन पुलिंग कर दी और पटरी पर उतर आए. वहीं दूसरी तरफ से आ रही तेज स्पीड पाताल कोट ने उनको अपनी चपेट में ले लिया.