आगरालीक्स… आगरा की नौ विधानसभा सीटों समेत प्रदेश में चुनाव को लेकर सट्टा बाजार गरम है। जानिये भाजपा औऱ सपा पर दांव लगाने पर कितना मिल रहा भाव।
सटोरियों की भी पहली पसंद भाजपा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर सट्टा बाजार गरम है। सटोरियों की पहली पसंद भाजपा है और दूसरे नंबर पर आंकी जा रही सपा पर दांव लगाने वालों को जीत का अधिक भाव मिल रहा है। यानी कम रकम लगाकर अधिक मुनाफा कमाने का भाव।
सटोरियों ने भी किया है सीटों का गुणा-भाग
सटोरियों ने अपने अनुमान से अलग-अलग दलों को मिलने वाली सीटों की गुणा-भाग किया है, जिस पर धड़ल्ले से लाखों-करोड़ों रुपये के दांव लग रहे हैं। सट्टा बाजार में भाजपा का भाव भी कम नहीं है। हालांकि भाजपा की जीत की मजबूत दावेदारी के चलते दांव लगाने वाले को उतना लाभ नहीं मिलेगा।

भाजपा की जीत पर कम मुनाफा
सूत्रों के अनुसार सटोरियों ने भाजपा को 226 से 240 सीटें दी हैं और इसके अनुरूप भाजपा पर दांव लगाने वालों को 10 हजार रुपये के बदले 13 हजार रुपये मिलेंगे।
सपा की जीत करेगी मालामाल
सपा को 130 से 145 सीटें दी गईं और इसके अनुरूप सपा पर दांव लगाने वालों को 3200 रुपये के बदले 10 हजार रुपये की वापसी होगी।
क्रिकेट मैच की तर्ज पर सटोरियों के भाव
क्रिकेट के मैच में सटोरिये दो टीमों के बीच उनकी मजबूती को देखकर दांव खिलवाते हैं, कुछ उसी अंदाज में राजनीतिक दलों की स्थिति का आकलन कर सट्टे की बिसात बिछाई गई है। सट्टा बाजार बसपा को नौ से 10 सीट व कांग्रेस को शून्य से तीन सीट दे रहा है। इन पर दांव लगाने वालों की संख्या सीमित बताई जा रही है।
आगरा की सीटों पर सटोरिये
आगरा की नौ विधानसभा सीटों में से सटोरिये भाजपा के खाते में छह सीटें और तीन सीटें विपक्ष के खाते में लेकर दांव लगा रहा हैं।