आगरालीक्स.. आगरा में सर्वर स्लो होने से एसबीआई एसोसिएट क्लर्क की परीक्षा देने पहुंचे छात्रों ने हंगामा किया। पुलिस ने बैंक अधिकारियों से वार्ता की, इसके बाद एग्जाम निरस्त कर दिया गया।
आगरा में रविवार को कुनाल प्रोफेशनल इंस्टीटयूट, सैंया, देव कॉलेज, कुबेरपुर और आरके गुप्ता मेमोरियल कॉलेज सिकंदरा सहित तीन केंद्रों पर एसबीआई एसोसिएट क्लर्क की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। इसमें से कुनाल प्रोपफेशनल कॉलेज, सैंया में परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों ने आनलाइन परीक्षा में सर्वर स्लो होने की शिकायत की, इसके बाद भी अभ्यर्थियों की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। पेपर खत्म होने के बाद अभ्यर्थी बाहर निकले, उन्होंने अपने परिजनों को जानकारी दी, इसके बाद जमकर हंगामा हुआ, सीओ और एसडीएम पहुंच गईं। उन्होंने अभ्यर्थियों से वार्ता की, अभ्यर्थियों ने सर्वर स्लो होने की जानकारी दी। इसके बाद बैंक अधिकारियों से वार्ता की गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बैंक अधिकारियों से वार्ता के बाद पेपर निरस्त होने की जानकारी दी गई, कुनाल इंस्टीटयूट में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों की परीक्षा निरस्त की गई है, निरस्त परीक्षा की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।