आगरालीक्स….आगरा में आक्सीजन की मारामारी वीडियो में देखें. अस्पताल में ‘सांसों’ के लिए तड़प रहे मरीज तो ‘सांसें’ खरीदने के लिए एजेंसी के बाहर खाली सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े सैकड़ों लोग.
आगरा में कोरोना महामारी को लेकर हर कोई परेशान है. तेजी से ये बीमारी लोगों को अपनी चपेट में ले रही है. हर दिन बड़ी संख्या में लोग इससे संक्रमित हो रहे हैं. इस सबके कारण कोरोना अस्पताल में भर्ती मरीज तो बीमारी से परेशान हैं ही, सबसे अधिक परेशानी उन मरीजों के तीमारदारों को उठानी पड़ रही है. आगरा के कई कोविड अस्पतालों ने आक्सीजन न होने की बात कही है. इसके लिए वो तीमारदारों से ही आक्सीजन की व्यवस्था करने के लिए कह रहे हैं. तीमारदार भी अपने मरीज की जान बचाने के लिए न तो दिन में तेज धूप की परवाह कर रहे हैं और न ही किसी और अन्य चीज की. तुरंत ही सिलेंडर लेकर एजेंसी की ओर जा रहे हैं. आगरा के सिकंदरा स्थित इंडस्ट्रियल एरिया के पास स्थित आक्सीजन गैस एजेंसी पर इस समय सैकड़ों लोग रोजाना लाइन में लगे रहते हैं. एक और जहां उनके मरीज अस्पताल में आक्सीजन के लिए तड़प रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर उनके तीमारदार आक्सीजन खरीदने के लिए लाइन में लगे हुए हैं. खाली सिलेंडर लेकर सैकड़ों की संख्या में लोगों को परेशान होता हुआ देखा जा सकता है