आगरालीक्स…आगरा में सनसनीखेज वारदात. सिरफिरे युवक ने युवती के ऊपर फेंका टॉयलेट क्लीनर…दहशतभरी हरकत
आगरा में सनसनीखेज वारदात सामने आई है. सदर में एक युवती पर सिरफिरे युवक ने टॉयलेट क्लीनर फेंक दिया. सिरफिरे युवक ने पहले युवती को स्कूटर से गिराया और फिर बाद में उसके ऊपर टॉयलेट क्लीनर फेंक दिया. युवती ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई. दशहत में आई युवती ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस आरोपी को अरेस्ट करने का प्रयास कर रही है.
घटना थाना सदर क्षेत्र की है. कैंट इलाके की रहने वाली युवती ने पुलिस को बताया कि सौरभ नाम के युवक के कारण वह दहशतजदा हैं. सौरभ ने उसके साथ ही 2018 में बीकॉम किया था, तब उसका मोबाइल नंबर ले लिया था. सौरभ कभी कभी उससे मोबाइल पर बात करता था लेकिन अचानक उसका व्यवहार बदल गया और वह कई आपत्तिजनक बातें करने लगा जिस पर उसने सौरभ से बातचीत करना बंद कर दिया. लेकिन सौरभ ने अजीब हरकतें करना शुरू कर दिया.

युवती ने बताया कि वह उसका पीछा करने लगा. बुधवार को वह स्कूटर से जा रही थी तभी रास्ते में उसने उसे रोक लिया और छेड़छाड़ करने लगा. जब उसने विरोध किया तो सौरभ ने उसे धक्का मारकर गिरा दिया और अचानक अपनी स्कूल की डिग्गी से टॉयलेट क्लीनर निकाल कर उसके ऊपर डालने का प्रयास करने लगा. तेजाब समझकर युवती दहशत में आ गई और वहां से जान बचाने के लिए दौड़ लगा दी. इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला. युवती ने बताया कि युवक की इस हरकत से वह और उसका परिवार दहशत में है. आरोपी युवक ने जान से मारने की धमकी दी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस के अनुसार युवक ने टॉयलेट क्लीनर फेंका था लेकिन पीड़िता के शरीर पर कोई भी ज्वलनशील पदार्थ नहीं गिरा है. आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.