आगरालीक्स(06th August 2021 Agra News)…। आगरा शहर को संवारने की कवायद शुरू हो गई हैं। आगरा विकास प्राधिकरण ने अहम फैसला लिया है। अब प्रतापपुरा से भगवान टॉकीज तक…।
एक ही रंग में नजर आएंगी दुकानें
आगरा में अब एक ही रंग में दुकानें नजर आएंगी। साइन बोर्ड का साइज उन पर लिखा दुकान का नाम, लिखने की डिजायन सभी एक जैसी होगी। आगरा विकास प्राधिकरण के सभागार में हुई बैठक में एडीए वीसी और पर्यटन उद्यमियों ने ये निर्णय लिया है। तय किया गया है कि ताजमहल पूर्वी गेट स्थित शिल्पग्राम से फतेहाबाद रोड होते हुए प्रतापपुरा से भगवान टॉकीज तक सभी दुकानों या मकानों पर सफेद रंग किया जाएगा।
संजय प्लेस को शामिल करने का सुझाव
बैठक में पर्यटन व्यावसायियों ने सुझाव दिया कि इस योजना में अगर संजय प्लेस को शामिल कर लिया जाए तो काफी अच्छा रहेगा। दरअसल एमजी रोड पर प्रतापपुरा से भगवान टॉकीज तक एक ही रंग में दुकानें होंगी। यहीं से लोग संजय प्लेस जाते हैं। यहां साइनेज, होर्डिंग बेतरतीब ढंग से लगे हैं। अगर इसे भी सफेद रंग में रंग दिया जाए और व्यवस्थित कर दिया जाए तो चार चांद लग जाएंगे।
तो एडीए कराएगा काम
एडीए उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि इसका खर्चा भवन मालिकों को स्वयं उठाना होगा। उन्होंने बताया कि जो भवन या दुकान स्वामी ऐसा नहीं करेगा तो यह काम एडीए कराएगा और इसके बदले में स्वामी से खर्चा लिया जाएगा।
जयपुर की तरह ही दिखेगा अपना आगरा
जयपुर की तर्ज पर काम किया जाएगा। जयपुर में मकान और दुकानों पर एक ही जैसे रंग किए गए हैं। वहां साइनेज का साइज निर्धारित है। साथ ही इनमें एक ही रंग और फांट भी एक जैसे हैं, जो देखने में काफी अच्छे लगते हैं।