आगरालीक्स ….आगरा में मकान ढहने से मासूम की मौत के मामले में एक अरेस्ट, आरोपियों की धरपकड़ में जुटी पुलिस।
आगरा के सिटी स्टेशन रोड पर गुरुवार सुबह छह मकान ढह गए थे, मलबे में मुकेश शर्मा का परिवार दब गया था। मलबे से पांच लोग बाहर निकाल लिए गए। हादसे में मुकेश शर्मा की नातिन चार साल की रूशाली की मौत हो गई। इस मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने मकान ढहने से चार साल की मासूम की मौत के मामले में मुकेश शर्मा की तहरीर पर धर्मशाला में निर्माण कराने वाले हरेश और धर्मशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष राजू मेहरा सहित अन्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और लोक व्यवस्था भंग करने सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
धर्मशाला में बेसमेंट की खोदाई के कारण मकानों में आई दरार
स्थानीय लोगों का कहना है कि धर्मशाला में बेसमेंट की खोदाई का काम चल रहा था, यहां शॉपिंग काम्प्लेक्स बनाया जाना था। रात को जेसीबी से खोदाई की जाती थी, इससे धर्मशाला से सटे पुराने मकानों में दरार आ गई थी, लोग मकान खाली कर जा रहे थे। इसी बीच गुरुवार को छह मकान एक साथ ढह गए।

पुलिस ने एक किया अरेस्ट
कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी। पुलिस ने बेसमेंट की खोदाई का काम कर रहे ठेकेदार कमला नगर निवासी राघवेंद्र उपाध्याय को अरेस्ट कर लिया, उसके पास से जेसीबी और डंपर भी पुलिस ने जब्त की हैं।
फंस गए एडीए के कर्मचारी
धर्मशाला के बेसमेंट की खोदाई एडीए की अनुमति के बिना की जा रही थी, यह मामला सामने आते ही गुरुवार शाम को एडीए के जेई राजू मेहरा निवासी फुलटटी के घर पहुंचे, राजू मेहरा का कहना है कि उनके पास एडीए के जेई का फोन आया। कहा कि हम घर पर हैं घर आ जाओ। वे घर पहुंच गए, उन्हें जेई ने दो नोटिस दिए। नोटिस पर नाम राजू मेहरा लिखा था लेकिन पता अलग था उन्होंने जेई से कहा कि यह नोटिस किसी और राजू मेहरा के नाम से जारी हुआ है, वे नोटिस वापस करते तब तक जेई वहां से चला गया।
ये जारी किया नोटिस
एडीए के नोटिस पर तारीख 23 जनवरी लिखी है, राजू मेहरा व गौतम मेहरा निवासी छिली ईंट रोड लिखा है। इसमें लिखा है कि स्थल पर एक हजार वर्ग गज की पूर्व निर्मित धर्मशाला को गिराकर बेसमेंट खोदाई का काम चल रहा है, इसकी स्वीक्रति नहीं ली गई है, काम बंद किया जाए। पालन न करने पर 1250 प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना लगाने की बात कही गई। इसके साथ ही एक और नोटिस जारी किया गया है। इसमें इस नोटिस में राजू मेहरा व गौतम मेहरा को बेसमेंट खुदाई की स्वीकृति न दिखाने पर एडीए कार्यालय में 3 फरवरी को तलब किया गया है।