आगरालीक्स…(23 January 2022 News) समाजवादी पार्टी ने कहा—रोके जाएं टीवी चैनलों पर दिखाए जा रहे ओपिनियन पोल. चुनाव आयोग को लिखा लैटर
जैसे—जैसे चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे—वैसे राजनीतिक हलचलें भी तेज होती जा रही हैं. सोशल मीडिया से लेकर टीवी चैनल्स या फिर लोगों की चर्चाओं में इस समय केवल यूपी इलेक्शन ही शामिल हो रहा है. कई टीवी चैनल्स द्वारा यूपी में किसकी सरकार आएगी इसको लेकर ओपिनियन पोल भी चलाए जा रहे हैं. इसको लेकर समाजवादी पार्टी ने आपत्ति जताई है. समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर टीवी चैनलों पर दिखाए जा रहे ओपिनियम पोल पर आपत्ति जताते हुए रोक लगाने की मांग की है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने इसको लेकरआयोग को पत्र भी लिखा है.

नरेश उत्तम पटेल ने पत्र में लिखा है कि उत्तर प्रदेश विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 के चुनावों की तारीखों का ऐलान 8 जनवरी 2022 को हो गया है, प्रथम चरण का नामांकन समाप्त हो गया है. प्रदेश में सात चरणों में चुनाव होगे, अन्तिम चरण का मतदान 7 मार्च 2022 को होगा, जब कि मतगणना 10 मार्च 2022 को होगी, कई न्यूज चैनल ओपिनियन पोल दिखा रहे है जिससे मतदाता भ्रमित हो रहा है और चुनाव प्रभावित हो रहा है यह कार्य आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन है. उन्होंने मांग की है कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक चुनाव सम्पन्न कराने के लिए न्यूज चैनलों द्वारा दिखाए जा रहे ओपिनियन पोल पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाय.