आगरालीक्स…आगरा में छात्र की हत्या, बेल्ट से गला घोंटकर की हत्या। पुलिस छानबीन में जुटी। शुक्रवार शाम को आगरा के मलपुरा के ककुआ में खेत में छात्र का शव मिलने से खलबली मच गई। छात्र के गले में एसएस स्कूल की बेल्ट थी, वह स्कूल ड्रेस पहने हुए है। आशंका है कि छात्र का बेल्ट से गला घोंटकर हत्या की गई है।
ट्यूशन पढ़ने गया था छात्र
नौंवी का छात्र आसिफ (16) के पिता सलीम का बेंड का काम है। छात्र स्कूल से लौटने के बाद अपनी साइकिल से ट्यूशन पढ़ने गया था। पूर्व प्रधान के खेत में छात्र का शव मिला है। पास में ही साइकिल खड़ी थी। छात्र के मुंह पर खून था। आशंका है कि गला घोंटकर हत्या की गई है।

तीन बजे घर से निकला था बेटा
सलीम ने पुलिस को बताया कि बेटा भाहई गांव में ट्यूशन पढ़ने जाता था। गांव का प्रदीप भी बेटे के साथ जाया करता था। दोपहर तीन बजे बेटा सही सलामत घर से निकला था। यह बोलकर गया था ट्यूशन जा रहा है। वह तो यह सोच रहे थे कि बेटा ट्यूशन पढ़ रहा होगा। उसे किसने और क्यों मार डाला। यह समझ नहीं आ रहा है। आसिफ परिवार का बड़ा बेटा था। उसकी हत्या ने पूरे परिवार को हिला दिया है।
हो रही है पूछताछ
एसपी देहात अखिलेश नारायण ने बताया कि आसिफ की हत्या में उसके हम उम्र के शामिल होने का अंदेशा है। स्कूली छात्र की किसी से क्या रंजिश हो सकती है। पुलिस इसी पहलू से जांच कर रही है। साथ ट्यूशन जाने वाले प्रदीप से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। हत्या के लिए किसी हथियार का प्रयोग नहीं किया गया है। स्कूल बैल्ट से गला घोंटा गया है। यह हो सकता है कि आसिफ ने झगड़ा होने पर बैल्ट अपने बचाव के लिए निकाली हो। इस हत्याकांड में कम से कम दो लोग शामिल हैं। एक अकेला इस अंदाज में किसी का गला नहीं घोंट सकता है।