आगरालीक्स…. आगरा में कोरोना का खौफ और 35 घंटे की बंदी से पसरा सन्नाटा, घर से बाहर नहीं निकल रहे लोग।
आगरा में शनिवार रात से कर्फ्यू लग गया है, इसे 35 घंटे की साप्ताहिक बंदी, रविवार का लॉकडाउन और 35 घंटे का कर्फ्यू कहा जा रहा है। इस दौरान सभी बाजार बंद हैं। शनिवार रात आठ बजे बाजार बंद हो गए, इसके बाद से बाजारों से लेकर कालोनियों में सन्नाटा पसरा हुआ है।
सडकों पर सन्नाटा, घर में लोग
सडकों पर सन्नाटा पसरा हुआ है, रविवार को लोग घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं। कालोनियों में भी लोग दिखाई नहीं दे रहे हैं, पार्क भी खाली ही रहे।
सोमवार 7 बजे तक है बंदी
कोरोना की चेन ब्रेक करने के लिए 35 घंटे की बंदी है, यह बंदी सोमवार सुबह सात बजे तक रहेगी। इसके बाद लोगों को बाहर आने जाने की छूट मिलेगी, बाजार भी खुल जाएंगे, लेकिन नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा, आगरा में सक्रिय केस बढ रहे हैं। ऐसे में नाइट कर्फ्यू का समय और बढ सकता है।
इन्हें है बाहर जाने की अनुमति
35 घंटे की बंदी में आवश्यक सेवाओं से जुडे कर्मचारी, लोग, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर उतरे लोग टिकट दिखाकर अपने घर आ जा सकेंगे। मरीज को अस्पताल ले जा सकेंगे। औद्योगिक ईकाईयों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए पास जारी किए गए हैं, इसके साथ ही मीडिया कर्मियों को भी आने जाने की अनुमति है।
शादी के लिए अनुमति, श्मशान घाट पर 20 लोग जा सकेंगे
जिन घरों में रविवार को शादी है, उन्हें शादी के लिए अनुमति दी गई है लेकिन संख्या सीमित रखी गई है। इसी तरह श्मशान घाट पर 20 लोगों को जाने की अनुमति दी गई है।