आगरालीक्स…(13 November 2021 Agra News) आगरा में रविवार को सुबह से रात तक रह सकता है शहर जाम. इसके दो बड़े कारण हैं…पुलिस भी रहेगी मुस्तैद…जानिए क्या हैं वजहें….
14 नवंबर को रविवार है. यूं तो रविवार छुट्टी वाला दिन होता है लेकिन हो सकता है कल का रविवार आपके लिए काफी मुश्किलभरा हो जाए. आगरा में रविवार सुबह से ही जाम की स्थिति रह सकती है और ये जाम सुबह तक ही नहीं बल्कि देर रात तक शहर में रह सकता है. ऐसे में अगर आप कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं तो पहले इस खबर को पढ़ लें..हो सकता है ये खबर आपके लिए सही हो और आप बाहर घूमने का प्लान टाल दें कोई दूसरा रास्ता अपना लें.
18 हजार से अधिक स्टूडेंट्स आएंगे
आगरा में कल यानी रविवार को यूपीएससी द्वारा सीडीएस और एनडीए की परीक्षा आयोजित की जा रही है. आगरा में ये परीक्षा 40 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है. बड़ी बात ये हैं कि इस परीक्षा को देने के लिए कुल 18 हजार 23 परीक्षार्थी आगरा आ रहे हैं. उनके साथ उनके परिजन, दोस्त और रिश्तेदार भी हो सकते हैं. ऐसे में तकरीबन 20 हजार से अधिक लोग आगरा में इस परीक्षा के लिए मौजूद रहेंगे. पुलिस द्वारा परीक्षा को सफल कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की गई है. हर केंद्र पर पुलिस कर्मी भी तैनात रहेंगे.
कल देवठान को 1500 शादियां
जाम का दूसरा सबसे बड़ा कारण है कल से सहालग का शुरू होना. कल देवोत्थान एकादशी है. इसमें अनबूझे मुहूर्त की भी शादियां होती हैं. एक अनुमान के मुताबिक कल यानी रविवार को आगरा जिले में 1500 के करीब शादियां हैं. आगरा के सभी मैरिज होम, धर्मशालाएं सभी बुक हैं. शहर में बारातें भी निकलेंगी जिसके कारण जाम लग सकता है.
बाजारों में रहेगी भीड़
कल से सहालग शुरू हो रहे हैं और रविवार का भी दिन हैं. ऐसे में बाजारों में शादियों को लेकर खरीदारी करने वालों की भीड़ भी रहेगी जिसके कारण आगरा के पुराने बाजारों में भी जाम पैदाहो सकता है.