आगरालीक्स ..आगरा में ताजमहल के तीन गेट में से एक बंद हो रहा है, इस गेट से पर्यटक प्रवेश नहीं कर सकेंगे। यह गेट ताजमहल से बाहर निकलने के लिए ही इस्तेमाल होगा।
ताजमहल में पूर्वी, पश्चिमी व दक्षिणी से पर्यटक प्रवेश करते हैं। सुक्योरिटी एजेंसी ने ताजमहल के दक्षिणी गेट को संवेदनशील माना है। इंटेलीजेंस ब्यूरो (आइबी) इसे बंद करने की रिपोर्ट दे चुकी है। शुक्रवार को अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. भुवन विक्रम ने इसका आदेश कर दिया। इसमें ताजमहल की सुरक्षा को देखते हुए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी के सुझाव पर एएसआइ की महानिदेशक उषा शर्मा के आदेश पर दक्षिणी गेट से सैलानियों का प्रवेश 25 फरवरी से बंद करने की बात कही गई है।
10 फरवरी को उडा ड्रोन
10 फरवरी को आगरा में ताजमहल के नो फ्लाइ जोन में ड्रोन उडने से खलबली मच गई, एक बार नहीं तीन बार ड्रोन उडने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। यहां 18 फरवरी को कनाडा के प्रधानमंत्री ताजमहल का दीदार करने आ रहे हैं, ऐसे में सुरक्षा एजेंसी ड्रोन उडाने वाले की तलाश में जुटी हुई हैं।
शनिवार सुबह ताजमहल के प्रतिबंधित क्षेत्र में ड्रोन उडने के बाद पुलिस और सीआईएसएपफ के जवान सतर्क हो गए, वे कुछ समझ पाते, इससे पहले ही एक बार और ड्रोन उडा और तीसरी बार भी ताजमहल के प्रतिबंधित क्षेत्र में ड्रोन उडाया गया। मगर, ड्रोन किसने और कहां से उडाया यह पता नहीं चल सका है।
27 दिसंबर 2017 को उडा था ड्रोन
27 दिसंबर को सुबह ताजमहल के रॉयल गेट पर ड्रोन दिखाई दिया था, यह कई मिनट तक रॉयल गेट पर मंडराता रहा, इसके बाद गायब हो गया। इसकी जानकारी होते ही सीआईएसएफ के अधिकारियों में खलबली मच गई। पुलिस भी ड्रोन की तलाश में जुटी रही, दक्षिणी गेट सहित ताजमहल के आस पास के क्षेत्र को खंगाला गया लेकिन ड्रोन नहीं मिला।