आगरालीक्स… ताजमहल में भीड बढने पर मुख्य मकबरे को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। अब पर्यटक मुमताज महल और शाहजहां की कब्र नहीं देख सकेंगे, पर्यटक मुख्य मकबरे के चतूबरे तक ही जा सकेंगे।
क्रिसमस के बाद से ताजमहल के दीदार के लिए रिकॉर्ड पर्यटक आ रहे हैं, हर रोज 28 से 30 हजार टिकट बिक रहीं हैं और 50 हजार से अधिक पर्यटक ताजमहल में प्रवेश कर रहे हैं। ताजमहल के प्रवेश द्वारा मुख्य मकबरे तक जाने के लिए लंबी लाइन लग रही है, शाम होते प्रवेश के लिए मारामारी मचने लगती है। गुरुवार को पूर्वी गेट पर लाइन में लगे पर्यटक धक्कामुक्की से घायल हो गए थे।
शनिवार शाम से बंद हुआ मुख्य मकबरा
शनिवार को सुबह से ही ताजमहल के दीदार के लिए लाइन लगी रही, कोहरा के चलते दोपहर बाद ताजमहल पर भीड भड गई। अत्यधिक भीड को देखते हुए शनिवार शाम को ताजमहल का मुख्य मकबरा पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया। पर्यटक मुख्य मकबरे के चतूबरे से ही वापस कर दिए गए।
आज होगा मुख्य मकबरे को बंद करने का ट्रायल
ताजमहल पर नई व्यवस्था के तहत मुख्य मकबरे को पर्यटकों के लिए बंद करने का रविवार को ट्रायल होगा। मीडिया से सीआईएसएफ के कमांडेंट ब्रजभूषण का कहना है कि शनिवार शाम को मुख्य मकबरा पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया था, यह व्यवस्था रविवार को भी रहेगी।
मुख्य मकबरे में हैं मुमताज और शाहजहां की कब्रें
ताजमहल में प्रवेश करते ही रॉयल गेट है, यहां से वीडियो ग्राफी की जा सकती है, इसके बाद वीडियो ग्राफी पर रोक है। इसके आगे दोनों तरफ फाउंटेन हैं, सीढियों से चढकर ताजमहल के मुख्य मकबरे के फर्श तक पहुंचते हैं, इसे चमेली फर्श कहते हैं। यहां अंदर मुख्य कक्ष में मुमताज और ताजमहल की सांकेतिक कब्रें हैं, मुमताज की असली कब्र नीचे है, वह बंद है। मुख्य मकबरे के बंद होने से पर्यटक ताजमहल में मुमताज और शाहजहां की सांकेतिक कब्र नहीं देख सकेंगे।