आगरालीक्स.. आगरा में टीका उत्सव में वैक्सीन लगवाने पहुंची भीड,
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि जनपद में रविवार को 199 केंद्रों पर टीका महोत्सव मनाया गया। इसमें 45 वर्ष से अधिक उम्र के 7885 लोगों ने कोरोना का टीके की पहली डोज लगवाई। 1043 लोगों ने कोरोना टीके की दूसरी डोज लगवाई। सीएमओ ने बताया कि रविवार से शुरू हुआ टीका उत्सव 14 अप्रैल तक चलेगा । इस उत्सव का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा योग्य लाभार्थियों का टीकाकरण करना है।उन्होंने बताया कि जनपद में इसके लिए शनिवार को 50 हजार कोविशील्ड वैक्सीन की डोज आ चुकी हैं, जनपद में अब पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि टीका उत्सव में खुद को कोरोना से सुरक्षित करने के लिए 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोग स्वयं को टीका लगवाकर सुरक्षित करें। उन्होंने कहा कि जनपद के 199 टीकाकरण केंद्रों पर कोरोना का टीका उपलब्ध है। इसके लिए वह पहले से आरोग्य सेतु एप या कोविन एप पर स्वयं को रजिस्टर कर टीका लगवा सकते हैं। इसके साथ ही केंद्र पर जाकर भी अपना रजिस्ट्रेशन कराने के बाद कोरोना का टीका लगवा सकते हैं।
लोगों में दिखा जोश
जीवनी मंडी स्वास्थ्य़ केंद्र की प्रभारी डॉ. मेघना शर्मा ने बताया कि टीका उत्सव पर लोगों में उत्साह दिख रहा है। बड़ी संख्या में लोग टीका लगवाने के लिए केंद्र पर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब केंद्र पर वैक्सीन भी उपलब्ध है और 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है।