Ten mm of rain in Agra in 24 hours, cooler-AC closed #agranews
आगरालीक्स… बंगाल की खाड़ी से उठे सिस्टम ने आगरा में बदल दिया मौसम का मिजाज. काफी सालों बाद आगरा में ऐसी बरसात. बंद करने पड़े कूलर—एसी. अगले 46 घंटे…
कूलर, एसी बंद, लोगों को निकालने पड़े कंबल
आगरा में गुरुवार सुबह मौसम में जो तब्दीली हुई, वह रात होते—होते ठंड में बदल गई। कल से शुरू हुई बरसात रात भर होती रही। आलम यह हो गया कि लोगों को रात आठ बजे तक ठंड लगने लगी। घरों में कूलर और एसी बंद कर दिए गए। बच्चों के लिए कंबल निकालने पड़े।
सुबह सात बजे फिर झमाझम
लोग जब सुबह उठे तो रिमझिम हो रही थी। सुबह सात बजे भगवान टॉकीज, ट्रांस यमुना कालोनी, सिकंदरा समेत कई इलाकों में एकदम से जोरदार बारिश शुरू हो गई। इससे मौसम में और नमी आ गई। इधर ठंडी हवाओं ने सिहरन और बढ़ा दी। सुबह करीब साढ़े आठ बजे के बाद रिमझिम कम हुई तो लोग काम पर निकले।
10 एमएम बारिश दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार, कल सुबह साढ़े आठ बजे से आज सुबह साढ़े आठ बजे तक 10.8 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान में सामान्य से पांच डिग्री की गिर गया। यह 29.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
ये रहा कारण
हर साल प्रशांत महासागर में चक्रवात बनते हैं। इसके बाद बंगाल की खाड़ी में बारिश के लिए दबाव बनते हैं। इस बार यह काफी कम बने। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, यह पांच बार बनते हैं लेकिन इस बार दो बार ही बने हैं। ऐसे में बंगाल की खाड़ी तक कोई सिस्टम नहीं बन पाया। इस कारण अगस्त में कम बारिश हुई। वहीं हिंद महासागर में उठने वाले मानसून के लिए परिस्थितियां बिल्कुल भी अनुकूल नहीं रहीं। इस कारण मौसम का मिजाज गड़बड़ा गया। अब बंगाल की खाड़ी में सिस्टम बन गया है तो करीब पांच सौ किलोमीटर के दायरे में ऐसा मौसम रहेगा। मौसम विज्ञानियों की मानें तो अभी शुक्रवार शाम तक तेज बारिश हो सकती है। तेज हवाएं चल सकती हैं।
शनिवार और रविवार को भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार और रविवार को भी आगरा में बारिश हो सकती है। एक या दो स्पैल में बारिश के आसार बन रहे हैंं।
रायबरेली में सबसे अधिक बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 46 घंटों में तीस से अधिक शहरों में जोरदार बारिश हो सकती है। वहीं लखनऊ में नौ घंटे में ही 115 एमएम बरसात हो चुकी है। रायबरेली में सबसे अधिक 200 एमएम बारिश हुई। अयोध्या में 140 एमएम बारिश दर्ज की गई।