आगरालीक्स.. आगरा -लखनऊ एक्सप्रेसवे पर जानवरों से हो रहे हादसों की रोकथाम के लिए सरकार ने गोवंश पकडने के लिए टेंडर उठाया है, एक जानवर को पकडने पर दो हजार रुपये दिए जाएंगे। एक महीने में कम से कम 100 जानवर पकडने होंगे।
आगरा -लखनऊ एक्सप्रेसवे पर जानवरों के कारण हादसे हो रहे हैं, इसकी रोकथाम के लिए सरकार ने टेंडर जारी किया है। इसमें कहा गया है कि एक्सप्रेस-वे पर जानवरों को पकड़ना, आवारा पशुओं को सड़क पार करने से रोकना और मवेशियों को पकड़ने वाले कार्य के दौरान तेज वाहनों को धीमी गति से चलने की चेतावनी देने का काम भी एजेंसी को करना होगा। इसके साथ ही गोवंश पकड़ने वाली टीम को पांच ग्रुप में कम से कम दो शिफ्टों में काम करना होगा। इनके वाहन जीपीएस सिस्टम से लैस होंगे। हर 150 किमी पर गोवंश पकड़ने वाला एक वाहन रखना होगा। इसमें लाउडस्पीकर होगा, ताकि वाहन चालक को आगाह किया जा सके।
100 जानवर ना पकडने पर 100 रुपये जुर्माना
प्रतिमाह कम से कम 100 जानवर पकड़ने होंगे। लक्ष्य पूरा नहीं होता है तो प्रति पशु 100 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। एक गोवंश को पकड़ने पर 2000 रुपए मिलेंगे। यदि लक्ष्य से अधिक जानवर पकड़ लिए तो प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। जानवरों को पकड़ कर नजदीक की गोशाला या एनीमल शेल्टर होम में पहुंचाना होगा।