आगरालीक्स… आगरा में टीईटी की परीक्षा से पहले परीक्षार्थी दौड लगाते रहे, सैकडों परीक्षार्थियों की परीक्षा छूटी, रोेते बिलखते परीक्षार्थियों को कॉलेज के गेट से लौटाया।
रविवार को आगरा में शिक्षक पात्रता परीक्षा टीईटी दो पालियों में हुई, पहली पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा सुबह 10 से 12 30 बजे तक होनी थी, जबकि दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा ढाई बजे शुरू हुई। इस बार परीक्षा में शामिल होने के साथ प्रवेश पत्र के साथ मार्कशीट भी लानी थी।
गेट पर रोक दिए छात्र, विवि ने नहीं दी मार्कशीट
टीईटी देने वाले छात्रों ने विवि से बीएड किया है, पिछले कई सत्रों की बीएड की मूल अंकतालिका जारी नहीं हुई है, रविवार सुबह और दोपहर की पाली में छात्र इंटरनेट की मार्कशीट लेकर पहुंच गए। उन्हें परीक्षा हॉल के बाहर ही रोक दिया गया, छात्रों ने हंगामा किया तो पुलिस को बुला लिया गया। कुछ छात्र छात्राएं रोने लगे लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया।
विवि की दौड लगाते रहे छात्र
इंटरनेट मार्कशीट को अटेस्ट कराने पर परीक्षा में शामिल किए जाने की जानकारी मिलने पर छात्र परीक्षा केंद्र से विवि के चक्कर लगाते रहे। विवि में छात्रों की भीड लगी रही, कुछ केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने के बाद भी इंटरनेट मार्कशीट को अटेस्ट करके लाने वाले छात्रों का प्रवेश दिया गया।
सैकडों छात्रों की छूटी परीक्षा
आगरा में दो पालियों में 59 केंद्रों पर टीईटी की परीक्षा हुई, इसमें 26883 परीक्षार्थी शामिल होने थे, लेकिन अंबेडकर विवि की अव्यवस्था से सैकडों छात्रों की टीईटी की परीक्षा टूट गई, मार्कशीट न होने पर उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया।