मथुरालीक्स…हरियाली अमावस पर फूल बंगला में हरियाली तीज पर स्वर्ण—रजत हिंडोला में विराजेंगे ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी.
वृंदावन में ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी की महिमा अपरम्पार है. देश—विदेश से हजारों श्रद्धालु अपने आराध्य का दर्शन करने के लिए वृंदावन पहुंचते हैं. लेकिन किसी शुभ अवसर या शुभ तिथि पर श्रद्धालुओं की यह संख्या लाखों में पहुंच जाती है. सावन माह की दो प्रमुख तिथियां हरियाली अमावस और हरियाली तीज आ रही हैं. हरियाली अमावस 24 जुलाई को है तो वहीं हरियाली तीज 27 जुलाई को.फूल बंगला में अंतिम दर्शन देंगे
ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी फूल बंगला में इस साल 24 जुलाई यानी हरियाली अमावस को अंतिम दर्शन देंगे. गर्मी में ठाकुर जी को राहत देने के लिए 109 दिनों तक चलने वाली यह सेवा हरियाली अमावस पर समाप्त होगी. इन 109 दिनों में मंदिर को फूलों से सजाया जाता है. चैत्र शुक्ल पक्ष की कामदा एकादशी से फूल बंगला सजाने की शुरू हुई प्रक्रिया 24 जुलाई को हरियाली अमावस पर खत्म हो जाएगी. ये परंपरा स्वामी हरिदास ने ही शुरू की थी जिसका निर्वहन आज भी मंदिर में हो रहा है.
वहीं 27 जुलाई को हरियाली तीज पर्व मनाया जाएगा और इस दिन ठाकुर जी अपने भक्तों को स्वर्ण—रजत हिंडौला में दर्शन देंगे. इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. ठाकुर बांकेबिहारी साल में एक ही दिन हरियाली तीज पर हिंडोले में बैठ भक्तों को दर्शन देते हैं.