आगरालीक्स…(30 October 2021 Agra News) दीपावली पर बाजारों में बरसने लगी रौनक. सुबह से ही मार्केट में भीड़. आज और कल मार्केट फुल रहने की संभावना…
वीकेंड पर बाजार फुल रहने की संभावना
जैसे-जैसे दीपावली का त्योहार नजदीक आता जा रहा है बाजारों में रौनक बढ़ती जा रही है। आज और कल दीपावली से पहले का वीकेंड है। इस वीकेंड बाजार फुल रहने की संभावना है। कल रविवार है। रविवार पर अधिकांश लोगों की छुट्टी रहती है। जिनकी छुट्टी है, उन्होंने कल दीपावली से पहले पड़ रहे संडे को खरीददारी का प्लान बनाया है। इस समय बाजारों में दीपावली की रौनक बरस रही है। पांच दिवसीय दीपोत्सव शुरू होने में अब दो दिन का समय बचा है। दो नवम्बर को धनतेरस है। धनतेरस से दौज तक दीपोत्सव मनाया जायेगा। दीपोत्सव को दौरान मेन खरीददारी होगी। दीपावली की खरीदादारी शुरू हो चुकी है। लोग बाजारों में खरीददारी के लिए निकल चुके हैं। दीपावली को देखते हुए बाजार भी जल्दी खुल रहे हैं।
ज्वैलर्स, गारमेंट्स पर सबसे ज्यादा रौनक
इस समय ज्वैलर्स, गारमेंट और आॅटोमोबाइल बाजार में सबसे ज्यादा रौनक दिखाई दे रही है। दीपावली पर नए कपड़े पहनना शुभमाना जाता है। इसलिए कपड़ों की जमकर खरीददारी हो रही है। रेडीमेड गारमेंट्स के शोरूम पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है। ब्रांडेड गारमेंट्स के शोरूम्स पर ज्यादा खरीददार पहुंच रहे हैं। इस समय कोई भी टेलर खाली नहीं है। अधिकांश टेलरों के यहां बुकिंग फुल चल रही है। नए कपड़े खरीदकर सिलवाना अब कठिन दिखाई दे रहा है। जिन लोगों ने पहले कपड़े खरीदकर सिलाई के लिए दिए हैं उनके कपड़े दीपावली से पहले देने के लिए टेलर व्यस्त हैं। ज्वैलर्स के शोरूम पर भी बिक्री हो रही है लेकिन ज्यादातर लोगों ने धनतेरस के दिन गहने खरीदने का मन बनाया है। इसी तरह आटोमोबाइल बाजार पर धनतेरस व दीपावली के दिन खरीद के लिए बाइक, स्कूटर और कारों की बुकिंग करा रहे हैं।
इलेक्ट्रोनिक और फूलों के मार्केट भी गुलजार
इलेक्ट्रोनिक बाजार में भी रौनक है। टीवी-एलईडी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, साउंड सिस्टम की बिक्री हो रही है। धनतेरस पर यह बिक्री और बढ़ जायेगी। दीपवली पर घर प्रतिष्ठान सजाने के लिए सजावटी झालरों की खूब बिकी हो रही है। इसके अलावा अन्य सजावटी आर्टीफीशियल सामन भी खूब बिक रहे हैं। फूलों के कारोबारियों ने धनतेरस और दीपावली के स्टाक करना शुरू कर दिया है। इस बार गेंदा, गुलाब के अलावा बाहर से भी फूल मंगाए जा रहे हैं।