आगरालीक्स…आगरा के जिला अस्पताल में कमर दर्द दिखाने पहुंचा शिक्षक. डॉक्टर से कहा 7 दिन का बेड रेस्ट लिख दें. डॉक्टर ने नहीं लिखा तो कर दिया हंगामा. पुलिस के पहुंचने से पहले ही चला गया शिक्षक…
आगरा के जिला अस्पताल में गुरुवार को एक शिक्षक ने जमकर हंगामा काटा. शिक्षक ने आरोप लगाया कि कमर दर्द होने की समस्या के बाद भी चिकित्सक ने उनके पर्चे पर बेड रेस्ट नहीं लिखा है. यही नहीं पांच हजार रुपये भी मांगे. हंगामा बढ़ता देख अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को बुला लिया लेकिन शिक्षक अस्पताल से शिकायत किए बिना ही वहां से चला गया.
ये है मामला
गुरुवार को अस्थित रोग विभाग की ओपीडी में कमर दर्द की समस्या के साथ एक शिक्षक पहुंचा. शिक्षक ने पर्चे पर सात दिन के लिए बेड रेस्ट लिखने के लिए कहा. इस पर डॉक्टर ने बेड रेस्ट लिखने से इनकार कर दिया. डॉक्टर के इनकार से शिक्षक ने हंगामा करना शुरू कर दिया और वह प्रमुख अधीक्षक के कार्यालय में पहुंच गया. यहां उसने डॉक्टर पर बेड रेस्ट लिखने के लिए पांच हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया.
इस मामले में प्रमुख अधीक्षक उॉ. अशोक अग्रवाल ने बताया कि शिक्षक से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसकी मां बीमार है. इसलिए सात दिन की छुट्टी चाहिए. डॉक्टर पर्चे पर बेड रेस्ट लिख देंगे तो छुट्टी मिल जाएगी.