आगरालीक्स…(10 November 2021 Agra News) आगरा में अभी कल और छाई रहेगी धुंध की चादर. इसके बाद होगा मौसम साफ. सर्दी बढ़ेगी और तापमान पहुंचेगा 11 डिग्री तक. जानिए मौसम का पूरा अपडेट
धुंध छाई रहेगी कल भी
आगरा में अभी भी धुंध की चादर छाई हुई है. शहर प्रदूषित है. हवा में प्रदूषण भरा हुआ है इसके कारण बीमारियां भी बढ़ रही हैं, लेकिन मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी सिर्फ एक दिन और धुंध छाई रहेगी लेकिन इसके बाद मौसम साफ होगा. हालांकि मौसम विभाग का कहना है इसके बाद सर्दी में इजाफा होगा और तापमान 11 डिग्री तक पहुंच सकता है. इधर तापमान लगातार कम हो रहा है. आज न्यूनतम तापमान 14 डिग्री से भी कम हो गया. आईएमडी के अनुसार बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री दर्ज किया गया.
तापमान लगातार होगा कम
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दो दिन बाद से मौसम साफ हो जाएगा लेकिन सर्दी में इजाफा होगा. न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में गिरावट दर्ज की जाएगी. मौसम विभाग के अनुसार 15 नवंबर तक आगरा का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेलिसयस तक पहुंच जाएगा जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक रहेगा.