आगरालीक्स…(6 October 2021 Agra News) आगरा के ये 10 चौराहे होंगे ट्रैफिक फ्री. जाम लगा तो फ्लाइंग स्क्वॉयड से पहुंचेगा मौके पर. कल से ये छोटे— छोटे नियम भी तोड़े तो कट जाएगा चालान..
आईजी ने 10 चौराहों को विशेष रूप से ट्रैफिक फ्री करने को कहा
आगरा में यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त रखने के लिए आईजी रेंज आगरा नवीन अरोरा ने अब खुद ही कमान संभाली है. जाम इस समय शहर की सबसे बड़ी समस्या बना हुआ है. ऐसे में चौराहों को जाम से मुक्त करने के प्रयास कल से शुरू कर दिए जाएंगे. इस संबंध में आईजी रेंज आगरा नवीन अरोरा ने ट्रैफिक पुलिस के साथ नगर निगम, जल कल विभाग, वन विभाग, एडीए के साथ बुधवार को उन्होंने इस पर एक बैठक की. आईजी ने शहर के दस चौराहों को विशेष रूप से ट्रैफिक फ्री करने के आदेश दिए हैं. कल से इन पर काम शुरू कर दिया जाएगा. हर चौराहे पर एक टीएसआई की परमानेंट ड्यूटी रहेगी. इसके अलावा फ्लाइंग स्क्वॉयड भी बनाया गया है. अगर कहीं कोई समस्या आती है तो टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर उसका समाधान किया जाएगा.

इन 10 चौराहों को किया जाएगा ट्रैफिक फ्री
हरीपर्वत चौराहा
भगवान टाकीज चौराहा
देहली गेट
खेरिया मोड़ चौराहा
रामबाग चौराहा
बिजलीघर
मधुनगर चौराहा
बोदला चौराहा
राजपुर चुंगी
वाटरवक्र्स
नियम तोड़ना पड़ सकता है भारी
बैठक में आईजी रेंज आगरा नवीन अरोरा ने यातायात के नियम तोड़ने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने कहा कि छोटे से छोटे नियमों को तोड़ने पर ही जाम की स्थिति बनती है. अगर नियमों का पालन किया जाए तो जाम से बहुत राहत मिल सकती है. उन्होंने कहा कि हेलमेट पहनने से लेकर जेब्रा क्रॉसिंग, रेड लाइट, वन वे, अतिक्रमण वालों पर भी एक्शन हो.