आगरालीक्स…आगरा में तीन बदमाश पकड़े. इनके पास मिला पौने तीन करोड़ रुपये का गोल्ड. कोलकाता में हत्या कर लूटकर आए थे यहां पर
आगरा में कोलकाता पुलिस, एटीएस व थाना फतेहाबाद पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए हत्या कर सोना लूटने वाले तीन अभियुक्तों को अरेस्ट किया है. पुलिस ने इनके पास से 5 किलो 116 ग्राम सोना व दो मोबाइल, एक अंगूठी व 2910 रुपये कैश बरामद किए हैं.
मंगलवार को कोलकाता पुलिस द्वारा थाना फतेहाबाद पुलिस व यूपी एटीएस को सूचना मिली कि 27 फरवरी को कोलकाता के शिवटोला स्ट्रीट में 61 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर एक—एक किलोग्राम के पांच ईटें व 116 ग्राम सोने का एक बिस्टिक, जिनकी कीमत करीब दो करोड़ 80 लाख 50 हजार रुपये है को मृतक से लूटकर आगरा, अलीगढ़, गाजियाबाद या मेरठ की तरफ फरार हो गए थे. इस संबंध में थाना पोस्ता, कोलकाता में मुकदमा दर्ज किया गया था.
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी आगरा के निर्देशन में एसपी पूर्वी के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी फतेहाबाद व प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद की टीम गठित कर बदमाशों को अरेस्ट करने के लिए दिशा निर्देश दिए गए. इस घटना में थाना फतेहाबाद पुलिस, एटीएस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवंतीबाई तिराहा से 3 बदमाशों को अरेस्ट कर लिया. पुलिस ने इनके कब्जे से 5 किलो 116 ग्राम सोना व दो मोबाइल, एक अंगूठी व 2910 रुपये कैश बरामद किया.
पकड़े गए बदमाशों के नाम
- करन वर्मा पुत्र राकेश निवासी विजय नगर गाजियाबाद
- सुशील कुमार पुत्र कालू सिंह निवासी सरधना मेरठ
- रूप किशोर पुत्र सूरजपाल सिंह निवासी मोहल्ला सिकरवार खैर अलीगढ़
