आगरालीक्स… यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसे फिर बढ़ गए हैं। दो हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। एक्सप्रेस-वे पर नहीं बरतें लापरवाही।
बाजना कट के पास बेकाबू कार ट्रक में घुसी

आगरा से नोएडा की तरफ जा रही एक कार शनिवार को बाजना कट के पास बेकाबू होकर आगे चल रहे वाहन से जा घुसी। हादसे में बिहार निवासी पिता-पुत्र सतेंद्र शुक्ला 50 साल और उनके बेटे सोनू (22) की मौत हो गई। पत्नी औऱ बेटी घायल हो गई।
दिल्ली से आगरा आ रही डबल डेकर बस पलटी
इससे कुछ घंटे पहले रात में रात में दिल्ली से बाह जा रही एक डबल डेकर बस महावन के पास बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में आगरा के बाह के सौरंगा निवासी विजय राज पुत्र शौकीन दास की मौत हो गई। छह सवारियां घायल हो गईं। बस में 50 सवारियां सवार थीं। हादसे का कारण चालक को झपकी लगना बताया जा रहा है।
यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसे के यह हैं कारण
पिछले कुछ दिनों में यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसे बढ़ गए हैं। इसका प्रमुख कारण तेज रफ्तार गाड़ी का होना, रात के समय वाहन के खऱाब होने पर बीच सड़क पर अचानक खड़े हो जाना, वाहन चालकों को नींद का झोंका आना, स्पीड के अनुसार गाड़ी को लेन में नहीं चलाना, वाहन चलाते समय फोन पर बात करना आदि शामिल हैं।
सुरक्षा को 24 घंटे दौड़ती हैं गाड़ियां
यमुना एक्सप्रेस-वे अथॉरिटी के अधिकारियों का कहना है कि 24 घंटे गाड़ियां गश्त कर एक्सप्रेसवे पर खऱाब होने पर हटवाती हैं। हादसे में घायल लोगों को पर्याप्त उपचार दिलाने की व्यवस्था रहती है।
इस तरह से बरतें सावधानी
उनका कहना है कि चालक को नींद आने पर कुछ देर आराम कर लेना चाहिए। वाहन की गति इतनी तेज नहीं होनी चाहिए की वह नियंत्रण से बाहर हो जाए। ओवरटेक करते समय साइड के वाहन का ध्यान रखा जाए। वाहन चलाते समय फोन पर बात नहीं की जाए। आगे औऱ पीछे से आने वाले वाहनों का ध्यान रखा जाए।