नईदिल्लीलीक्स..। टोक्यो ओलंपिक के चौथे दिन भारत ने अच्छी शुरुआत की लेकिन उसकी लय बरकरार नहीं रह सकी। तलवारबाजी में भारत की भवानी देवी ने ट्यूनिशिया की नाजिया बेन अजीजी को हरा दिया लेकिन अगला मुकाबला वह हार गईं।
फाइनल राउंड में हारीं
तीरंदाजी में भारतीय पुरुष टीम ने कजाखस्तान को 6—2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया लेकिन क्वार्टर फाइनल राउंड में दक्षिण कोरिया की टीम के हाथों उसे 6—0 से हार का सामना करना पड़ा।
मनिका बत्रा का सफर खत्म
रविवार को टेबिल टेनिस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली भारतीय खिलाड़ी मनिका बत्रा का ओलंपिक सफर खत्म हो गया। आज उनका मुकाबला आस्ट्रिया की सोफिया पोलकोनोवा से था। मनिका को 0—4 से हार का सामना करना पड़ा। कुल 27 मिनट चले इस मुकाबले में पोलकोनोवा ने 11—8, 11—2, 11—5 और 11—7 से मुकाबला जीत लिया।
भवानी देवी ने रच दिया इतिहास
ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली महिला तलवारबाज भवानी देवी ने अपना पहला मुकाबला जीत कर दमदार आगाज किया। लेकिन दूसरे मैच में चौथी वरीयता प्राप्त मैनन ब्रूनेट से हारकर ओलंपिक से बाहर हो गईं। हारने के बाद भवानी देवी ने कहा कि यह मेरा पहला ओलंपिक है और ओलंपिक में भाग लेने वाली पहली तलवारबाज हूं। उन्होंने कहा कि मैं यहां भारत का प्रतिनिधित्व करने और पहला मैच जीतकर खुश हूं।
पुरुष तीरंदाजी में भी भारत हारा
भारतीय पुरुष तीरंदाजी टीम के अतनुदास, प्रवीण जाधव और तरुणदीप राय टीम स्पर्धा में दक्षिण कोरिया से हारकर ओलंपिक खेलों से बाहर हो गए हैं। भारत की तीरदांजी प्रतिस्पर्धा में पदक की उम्मीद अब व्यक्तिगत मुकाबलों पर टिकी है। भारत के तीनों पुरुष तीरदांज और दीपिका कुमार बुधवार को मैदान पर उतरेंगे। भारतीय तीरदांजों की टिकड़ी ने कजाखस्तान को 6—2 से हराकर अच्छी शुरुआत की थी लेकिन कोरिया की टीम के आगे उसे 0—6 से हार का सामना करना पड़ा। इससे पूर्व मिश्रित मुकाबले में भी दीपिका कुमारी और जाधव की जोड़ी कोरियाई टीम से हार गई थी।