आगरालीक्स…Tommy weds Jelly. कुत्तों की इस अनोखी शादी में खूब नाचे लोग. बारात भी निकली और देशी घी में पकवान भी बने…देखें शादी का वीडियो
अलीगढ़ से एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. यह वीडियो एक शादी का है लेकिन ये शादी किसी इंसानी जोड़े की नहीं बल्कि एक कुत्ता और कुतिया की है. यह शादी सोशल मीडिया पर सुर्खियों में बनी हुई है. शादी में सारी रस्में निभाई गईं. बारात भी निकाली गई, इंसानों ने डांस भी किया, वरमाला भी हुई और फेरे भी लगे. यही नहीं देशी घी के पकवान भी बने.

सुखरावली गांव में पूर्व प्रधान दिनेश चौधरी के पालतू डॉगी टॉमी की शादी, अतरौली में टिकरी रायपुर निवासी डॉ. रामप्रकाश की मादा डॉगी जैली से तय हुई. इस अनोखी शादी में दूल्हा टौमी गाजे बाजे के साथ बरात लेकर जैली के घर पहुंचा. बरात में टॉमी आगे-आगे चल रहा था, जबकि बराती उसके पीछे चल रहे थे. लोगों ने ढोल की थाप पर जमकर ठुमके लगाए.
महिलाओं ने मंगल गीत गाए
टॉमी और जैली ने पंडित जी के मंत्रोच्चारण के साथ सात फेरे लिए. शादी संपन्न होने के बाद दोनों पक्षों के लोगों ने टॉमी और जैली को आशीर्वाद दिया. अंत में जैली की विदाई की रस्म भी की गई. टॉमी के मालिक दिनेश कहते हैं, ‘मकर संक्रांति पर हमने शादी का आयोजन किया. शादी में देसी घी का खाना परोसा गया, जिसे आस-पड़ोस के कुत्तों में भी बांटा गया. हमने इसके लिए लगभग 40,000-45,000 रुपये खर्च किए.