आगरालीक्स..मथुरा में दर्दनाक और दुखद घटना. मां ने अपनी दो बेटियों को दी जहर की गोली, खुद ने भी खाई. दो की मौत…ऐसा क्यों? किसी को पता नहीं….
आगरा मंडल के मथुरा जिले में एक ऐसा दर्दनाक और दुखद घटना सामने आई है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. मथुरा में एक महिला ने अपनी दो बेटियों को खांसी—जुकाम की गोलियों के नाम पर जहर खिला दिया. महिला ने खुद भी यह गोलियां खा ली. हादसे में महिला व उसकी एक बेटी की मौत हो गई है जबकि दूसरी बेटी की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. महिला ने ऐसा क्यों किया?..इसके बारे में किसी को पता नहीं है.
ये है पूरा मामला
घटना मगोर्रा थाना क्षेत्र के आजल गांव की है. यहां रहने वाला उदयवीर सिंह अपनी पत्नी नीरज व तीन बेटियों ज्योति, गुंजन और जिया के साथ रहता है. बेटी जिया ने बताया कि बीती शाम पड़ोस में एक शादी कार्यक्रम था. यहां डीजे बज रहा था और लोग दावत खाकर लौट रहे थे. हम सब लोग भी दावत खाकर घर लौट आए थे. बेटी ने बताया कि रात करीब 8 बजे पिता उदयवीर और मां नीरज ने आपस में बैठकर कुछ बातें की और थोड़ी देर बाद उदयवीर खेत पर सिंचाई करने के लिए चला गया. इसके बाद सभी लोग सोने के लिए जाने लगे. तभी मां नीरज दवा लेकर आई. नीरज ने तीनों बेटियों को दवाई दी और कहा कि खा लो खांसी बुखार की है, आराम मिलेगा. इस पर ज्योति और गुंजन ने दवा खा ली लेकिन जिया ने दवा खाने से मना कर दिया. नीरज ने भी वह दवा खा ली और फिर सोने चले गए.

करीब एक घंटे बाद नीरज और उसकी दो बेटियां ज्योति व गुंजन को उल्टियां होने लगीं. आवाज सुनकर जिया भी जाग गई. उसने लगातार उल्टियां होती देख पापा उदयवीर को फोन कर बुला लिया. इसके बाद परिजन आनन—फानन में तीनों को केएम अस्पताल लेकर पहुंचे. आज सुबह नीरज और गुंजन की मौत हो गई जबकि ज्योति की हालत काफी गंभीर बनी हुई है. डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया है. यहां डॉक्टरों से मालूम पड़ा कि तीनों ने जहर की गोलियां खाई हैंु, यह सुनकर परिजनों के होश उड़ गए. दो मौत से घर में कोहराम मच गया. किसी को ये नहीं पता चल पाया कि नीरज ने ऐसा कदम क्यों उठाया.
सूचना पर नीरज के मायके वाले भी आ गए. नीरज की मां का कहना है कि दोपहर को ही नीरज से बात हुई थी, सबकुछ ठीक था. सभी परिजन मौके पर मौजूद हैं. पुलिस के अनुसार मां और बेटी की मौत हुई है, एक बेटी का इलाज चल रहा है. ससुरालीजन और मायका पक्ष के लोग कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं. हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.