आगरालीक्स… उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षाएं कराने की तैयारी शुरू हो गई है। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं अप्रैल माह में कराए जाने की संभावना है। इस बार परीक्षा केंद्र बढ़ाने के साथ कोविड-19 के नियमों का भी सख्ती से पालन कराया जाएगा।
14 जनवरी को होगा फैसला
सीबीएसई की की बोर्ड परीक्षाओं की तिथि घोषित होने के बाद यूपी बोर्ड ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सीबीएसई ने दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं चार मई से कराने की घोषणा की है। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं कराने पर 14 जनवरी को होने वाली बैठक में कोई निर्णय लिया जाएगा। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं से पहले ग्राम पंचायत चुनाव 31 मार्च तक कराए जाने की योजना है। इसके तुरंत बाद यूपी बोर्ड की परीक्षाएं कराई जाएंगी।
प्री-बोर्ड परीक्षाएं 15 जनवरी से
यूपी बोर्ड से संबंद्ध स्कूलों में शैक्षणिक वर्ष 2021 के लिए हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 15 जनवरी से किया जाएगा। यह परीक्षाएं 25 जनवरी तक चलेंगी। विषयवार परीक्षाओं की तिथिवार घोषणा संबंधित विद्यालयों द्वारा की जाएगी। प्री बोर्ड परीक्षाओँ की उत्तर पुस्तिकाओँ का मूल्यांकन 30 जनवरी तक जारी करना होगा। साथ ही स्कूल के टॉपर्स की लिस्ट डीआईओएस कार्यालय में जमा करनी होगी।
इस बार बढ़ेंगें परीक्षा केंद्र
यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटमीडिएट की परीक्षा के एग्जाम सेंटरों में बढ़ोत्तरी की गई है। इसके चलते एक कक्ष में एक कक्ष निरीक्षक की नियुक्ति की जाएगा। सूत्रों ने आगरालीक्स को बताया कि सोशल डिस्टेंसिग के साथ परीक्षा कराने के चलते परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है। इसलिए कक्ष निरीक्षकों की संख्या में कमी की भी संभावना है। दूसरी ओर आगरा में भी बोर्ड परीक्षा केंद्रों आदि की फीडिंग आदि का कार्य भी तेजी से चल रहा है।