आगरालीक्स.. आगरा में बस हाईजेक, 34 यात्रियों को बस सहित बदमाश लेकर फरार, पुलिस जांच में जुटी। कंडक्टर से यात्रियों का किराया भी वापस कराया।
मंगलवार को गुरुग्राम से स्लीपर बस में 34 सवारी बैठी, बस पन्ना, अमानगंज, मध्य प्रदेश जा रही थी। स्लीपर बस मंगलवार रात 10.30 बजे न्यू दक्षिणी बाइपास के रायभा टोल प्लाजा के पास पहुंची, यहां पहले से दो जाइलो खडी हुईं थी, जाइलो सवार आठ नौ लोगों ने बस को घेर लिया। उन्होंने ड्राइवर से बस से नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन ड्राइवर ने बस नहीं रोकी और आगे लेकर चल दिया।
बस की हाईजैक
न्यू दक्षिणी बाइपास पर जाइलो सवारों ने स्लीपर बस को ओवरटेक कर रोक दिया और ड्राइवर और कंडक्टर को को जाइलो मे बिठा लिया। स्लीपर बस में जाइलो सवार लोगों के कुछ साथी बैठे हुए थे, वे सवारियों को बस से लेकर चल दिए। स्लीपर बस को ग्वालियर रोड पर उतारकर सैंया ले गए। सैंया से फतेहाबाद होते हुए लखनऊ एक्सप्रेस वे पर पहुंचे। एक्सप्रेस वे के नीचे स्थित ढाबे पर खाना खाया।
कंडक्टर से लौटाए रुपये
जाइलो सवार लोगों ने कंडक्टर से बस में सवार 34 यात्रियों के रुपये वापस कराए। सवारियों सहित बस लेकर फिर चल दिए। ड्राइवर और कंडक्टर को दिल्ली-कानपुर हाईवे पर कुबेरपुर के पास छोड़ गए। बुधवार सुबह चार बजे ड्राइवर और कंडक्टर ने मलपुरा थाने पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। तब पुलिस सक्रिय हुई। आईजी ए सतीश गणेश, एसएसपी बबलू कुमार जांच में जुटे हुए हैं।
प्रारंभिक जांच में बस फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी ले गए
एसएसपी, आगरा बबलू कुमार का कहना है कि बस ग्वालियर की है, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस कंपनी से बस के लिए फाइनेंस कराया था, उस कंपनी के कर्मचारी बस को ले गए हैं, मुकदमा दर्ज किया जा रहा है, टीमें लगाई गईं हैं।