मथुरालीक्स….वृंदावन कुंभ का पहला शाही स्नान शनिवार को. पुण्य लाभ उठाएं. कृष्णनगरी में बढ़ने लगा संतो का समागम. श्रद्धालु हेलीकॉप्टर से भी कर सकते हैं दर्शन…
संतों का पहुंचना शुरू
वृंदावन में इस समय कुंभ मेला चल रहा है. इस मेले का पहला शाही स्नान 27 फरवरी को माघ पूर्णिमा के दिन होगा. शाही स्नान के लिए हजारों की संख्या में संतों का पहुंचना भी शुरू हो गया है. 25 फरवरी की रात तक प्रयागराज से भी काफी संख्या में संत पहुंचने की संभावना है. इधर वृंदावन कुंभ में श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ने लगी है. यमुना किनारे लगभग 56 हेक्टेयर क्षेत्र में लगे कुंभ मेले में श्रद्धालुओं की आस्था विभिन्न प्रकार से दिखाई दे रही है. कहीं योग चल रहा है तो कहीं हठयोगी धूनी जमाए बैठे हैं. वृंदावन में ऐसा नजारा पहली बार देखने को मिल रहा है. वहीं शाम होते ही देवरहा बाबा घाट पर मां यमुना की महाआरती की जाती है.

हेलीकॉप्टर से भी कर सकते हैं दर्शन
वृंदावन कुंभ को आकर्षक बनाए जाने और श्रद्धालुओं को सुविधा देने के लिए किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है. श्रद्धालु हवाई मार्ग अर्थात् हेलीकॉप्टर से भी वृंदावन कुंभ के दर्शन कर सकते हैं. पारस एविएशन द्वारा ज्वॉय राइड के नाम से ये सुविधा शुरू की गई है. इसके तहत पवनहंस हैलीपैड से हेलीकॉटर उड़ान भरेगा और ये श्रद्धालुओं को कृष्ण नगरी के प्रमुख मंदिरों प्रेम मंदिर, बांके बिहारी मंदिर, निधिवन के साथ—साथ वृंदावन कुंभ के भी दर्शन कराएगा. मीडिया से जुड़ी जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में एक बार में केवल चार श्रद्धालु ही बैठ सकेंगे.


द्वितीय शाही स्नान फाल्गुन कृष्ण पक्ष 9 मार्च को होगा, जबकि तीसरा शाही स्नान अमावस्या 13 मार्च को होगा. रंगभरनी एकादशी 25 मार्च को पंचकोसीय परिक्रमा के साथ मेले का समापन होगा.