आगरालीक्स.. आगरा के कूडे से बिजली बनेगी और रोड बनाने के लिए गिटटी तैयार होगी, यूपी में आगरा पहला शहर है जहां यह प्रोजेक्ट शुरू हो रहा है, बिजली की दर 6 .90 रुपये प्रति यूनिट होगी, इस दर से उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड नगर निगम से बिजली खरीदेगा, इसके लिए शुक्रवार को उप्र पावर कारपोरेशन और स्पॉक ब्रेजन कंपनी के अधिकारियों के बीच एग्रीमेंट हुआ है।
आगरा को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए वेस्ट मैनेजमेंट में काम शुरू हो गया है, आगरा की एक बडी समस्या हर रोज शहर से निकलने वाले 850 मीट्रिक टन कूडा निस्तारण की है, यह कूडा कुबेरपुर और लैंड िफल साइट पर डाला जा रहा है, लेकिन अब कूडे से बिजली तैयार हो सकेगी। कूडे से बिजली बनाने के लिए 2016 में नगर निगम और स्पॉक ब्रेजन कंपनी, दिल्ली के बीच एग्रीमेंट हुआ था। इस बिजली का इस्तेमाल कैसे हो, इसके लिए उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरशन से अनुबंध हो गया है, कूडे से तैयार होने वाली बिजली को 6 90 रुपये प्रति यूनिट की दर से पावर कॉरपोरेशन खरीदेगा। शुक्रवार को लखनऊ स्थित शक्ति भवन में पावर कॉरपोरेशन के चीफ इंजीनियर बीपी श्रीवास्तव और स्पॉक कंपनी के चेयरमैन पी राठौर के बीच एग्रीमेंट हुआ। इसमें नगर निगम के पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान भी मौजूद रहे।
12 एकड में 18 महीने में तैयार होगा प्लांट
स्पॉक ब्रेजन कंपनी द्वारा कुबेरपुर में 12 एकड़ में प्लांट तैयार किया जाएगा, इसमें 18 महीने का समय लगेगा। यहां 500 मीट्रिक टन से 10 मेगावाट बिजली बनेगी। कूडे की मात्रा बढने के साथ ही बिजली का उत्पादन भी बढेगा, इसके साथ ही कूडे से गिटटी भी तैयार होगी, इसका इस्तेमाल रोड बनाने में किया जाएगा।
यमुना से लेकर ताजमहल के आस पास कूडा
शहर में कूडे का निस्तारण सही तरह से नहीं हो रहा है, यमुना के साथ ही ताजमहल के आस पास कूडा फैला रहता है। यहां आने वाले पर्यटक गंदगी के फोटो ले जाते हैं, इससे ताजमहल और आगरा की छवि खराब हो रही है।