आगरालीक्स.. आगरा में डिप्टी सीएम डॉ दिनेश शर्मा को काले झंडे दिखाने पर जेल भेजे गए एनएसयूआई व पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष गौरव शर्मा को जमानत मिल गई। विवि के दीक्षांत समारोह से लौटते समय डिप्टी सीएम डॉ दिनेश शर्मा की फ्लीट को काले झंडे दिखाने के मामले में जिला कारागार में निरुद्ध गौरव शर्मा की जमानत स्वीकृत करते हुए सीजेएम लोकेश नागर ने रिहाई के आदेश दिये हैं।
आगरा में 11 अक्टूबर को विवि के दीक्षांत समारोह में आए डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा वापस लौट रहे थे। मास्टर प्लान रोड पर जिला जेल का खाली मैदान पड़ा है। एनएसयूआई के कार्यकर्ता वहां पहले से छिपे थे। जैसे ही डिप्टी सीएम की फ्लीट उस जगह आई वे सड़क पर आ गए। हाथ में काले झंडे लिए हुए नारेबाजी शुरू कर दी थी। मामले में पुलिस ने मुकदमे में गौरव शर्मा के अलावा अपूर्व शर्मा, अंकुश गौतम, आशीष कुमार, ललित त्यागी, अमित यादव, सतीश सिकरवार, कबीर कुरैशी, रवि यादव को नामजद किया था।